निराश्रित बुजुर्गों के लिए बनेगा स्थायी आश्रम, शुरू हुआ निर्माण

17 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | मंडी

मंडी। निराश्रित और बेसहारा बुजुर्गों के लिए मंडी में अब स्थायी आशियाना तैयार किया जाएगा। आरोग्य जन कल्याण समिति की ओर से पिछले तीन वर्षों से संचालित वृद्ध आश्रम ‘जीवन सहारा’ के लिए स्थायी भवन का निर्माण शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में आश्रम में 16 निराश्रित बुजुर्ग रह रहे हैं।

समिति की संचालिका प्रिन्सि गुलेरिया ने बताया कि आश्रम में रह रहे बुजुर्गों को सड़क, श्मशान घाट और अस्पतालों के बाहर से रेस्क्यू कर यहां लाया गया है। इन बुजुर्गों का कोई पारिवारिक सहारा नहीं है और आश्रम में उन्हें रहने, भोजन और देखभाल की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि अब तक आश्रम किराए के भवन में संचालित किया जा रहा था। लंबे समय तक किराए के भवन में आश्रम चलाने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए संस्था ने स्थायी आश्रम बनाने का निर्णय लिया। संस्था के प्रधान राम सिंह गुलेरिया ने इसके लिए जमीन उपलब्ध करवाई है। जमीन पर कटिंग का काम पूरा होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।

सोशल फंडिंग और जनसहयोग से बनेगा आश्रम

प्रिन्सि गुलेरिया ने बताया कि नए आश्रम का निर्माण सोशल फंडिंग और जनसहयोग से किया जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि अपनी क्षमता के अनुसार इस कार्य में आर्थिक सहयोग करें, ताकि निराश्रित बुजुर्गों के लिए जल्द स्थायी आशियाना तैयार किया जा सके।

संस्था की उपाध्यक्ष जितेन्द्रा राणा ने कहा कि संस्था के सदस्यों और कार्यकर्ताओं ने अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करते हुए निर्माण कार्य की शुरुआत की है। अब समाज के लोगों से भी इस नेक कार्य में आगे आकर सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

संस्था का प्रयास है कि जनसहयोग के माध्यम से आश्रम का निर्माण जल्द पूरा कर निराश्रित बुजुर्गों को स्थायी और सुरक्षित आशियाना उपलब्ध करवाया जा सके।

Share the news