देवताओं के भव्य मिलन के साथ ख्योड़ नलवाड़ मेला शुरू, विधायक विनोद कुमार ने खूंटा गाड़कर किया शुभारंभ

17 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | गोहर, मंडी

गोहर। नाचन क्षेत्र की बासा पंचायत में आयोजित जिला स्तरीय ख्योड़ नलवाड़ मेले का वीरवार को देवताओं के भव्य मिलन के साथ शुभारंभ हुआ। नाचन के विधायक विनोद कुमार ने बैलों की पूजा-अर्चना करने के बाद खूंटा गाड़कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। मेले के आगाज पर निकली भव्य जलेब में रंग-बिरंगी पगड़ियों में सजे लोगों ने बैंड-बाजे के साथ हिस्सा लिया।

मेले के शुभारंभ अवसर पर लोक निर्माण विभाग के बासा विश्राम गृह से जलेब निकाली गई। बैंड-बाजे के साथ निकली जलेब मेला स्थल पर पहुंची, जहां पंचायत प्रतिनिधियों और मेला कमेटी की ओर से देवी-देवताओं तथा मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया।

विधायक विनोद कुमार ने मेला स्थल पर पहुंचकर बैलों की पूजा-अर्चना की और खूंटा गाड़कर नलवाड़ मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान मेले में पहुंचे देवी-देवताओं की भी पूजा-अर्चना की गई। देवताओं का आपसी मिलन मेले के प्रमुख आकर्षणों में रहा।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

मेले के दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। मेले में स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं और व्यापारियों ने भी भाग लिया। मेले के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्र की लोक संस्कृति और पारंपरिक परंपराओं की झलक देखने को मिली।

विधायक विनोद कुमार ने कहा कि ख्योड़ नलवाड़ मेला नाचन और सराज क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं का परिचायक है। उन्होंने कहा कि आधुनिक मशीनों के बढ़ते इस्तेमाल के कारण बैलों से खेत जोतने की परंपरा धीरे-धीरे समाप्त हो रही है, जो चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि नलवाड़ जैसे मेले पुरानी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को भी अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।

विधायक ने मेले के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लोगों से सहयोग की अपील की।

इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मुकेश चंदेल, बासा पंचायत प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, मेला कमेटी के सदस्य और अन्य गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।

Share the news