आवारा गौवंश के संरक्षण को SHIRA की पहल, गौ सदन के लिए प्रशासन से मांगी भूमि

18 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कुल्लू

कुल्लू। सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूम रहे आवारा गौवंश की समस्या के समाधान और उनके संरक्षण के लिए सोसायटी फॉर ह्यूमन इंटरेस्ट इन रूरल एडवांसमेंट (SHIRA) ने पहल की है। संस्था ने गौ सदन स्थापित करने के लिए उपायुक्त कुल्लू को आवेदन सौंपकर संचालन की अनुमति के साथ उपयुक्त भूमि उपलब्ध करवाने की मांग की है।

संस्था के अध्यक्ष सी.आर. नलवा और मीडिया प्रभारी जीत कपूर ने बताया कि SHIRA वर्ष 2003 से पंजीकृत संस्था है और विभिन्न सामाजिक एवं जनहित से जुड़े कार्यों में सक्रिय रही है। संस्था का उद्देश्य गौवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध करवाने के साथ सड़कों पर खुले में घूमने वाले पशुओं से आम लोगों को होने वाली परेशानियों को कम करना है।

संस्था ने प्रशासन को दिए आवेदन में कहा है कि बड़ी संख्या में गौवंश सड़कों पर खुले में घूम रहा है। इससे वाहन चालकों, स्थानीय निवासियों और पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। संस्था के अनुसार कई स्थानों पर आवारा गौवंश के कारण दुर्घटनाओं की स्थिति भी बनती है, जिससे जान-माल के नुकसान का खतरा रहता है।

जिया में उपलब्ध भूमि का दिया हवाला

SHIRA ने आवेदन में तहसील भुंतर के जिया गांव में करीब 15 बीघा वन भूमि उपलब्ध होने का हवाला दिया है। संस्था के अनुसार पूर्व में संबंधित अधिकारी द्वारा इस भूमि का निरीक्षण भी किया गया था, लेकिन विभिन्न कारणों से प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ सका।

संस्था ने प्रशासन से आग्रह किया है कि यदि जिया स्थित भूमि उपलब्ध करवाना संभव नहीं है तो आसपास के क्षेत्र अथवा किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर भूमि उपलब्ध करवाई जाए। संस्था का कहना है कि भूमि मिलने के बाद वहां गौ सदन स्थापित कर गौवंश के संरक्षण, आश्रय और नियमित देखभाल की व्यवस्था की जा सकेगी।

SHIRA ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक स्वीकृतियां प्रदान करने और उपयुक्त भूमि उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है। संस्था के अनुसार गौ सदन स्थापित होने से बेसहारा गौवंश को सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा और सड़कों पर घूमने वाले पशुओं से जुड़ी दुर्घटनाओं तथा आम लोगों की परेशानियों को कम करने में मदद मिल सकती है।

दस्तावेज के अनुसार संस्था के आवेदन पत्र पर 15 सितंबर 2026 को प्राप्ति दर्ज की गई है।

खबर अभी अभी के लिए कुल्लू से सुशांत शर्मा।

Share the news