पात्र लोगों को ही मिलेगा हिमकेयर का लाभ: कर्नल शांडिल

18 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | सोलन

सोलन। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में हिमकेयर, आयुष्मान भारत और सहारा योजना बंद नहीं होंगी। इन योजनाओं में सामने आ रही कमियों को दूर कर व्यवस्था में सुधार किया जा रहा है, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

धनीराम शांडिल ने कहा कि हिमकेयर और आयुष्मान भारत योजना में प्रदेश सरकार आवश्यक बदलाव करने जा रही है। उनके अनुसार, कुछ अपात्र लोग भी योजनाओं में अपना नाम दर्ज करवा लेते हैं, जिसके कारण पात्र लाभार्थियों तक सुविधाएं पहुंचाने में दिक्कत आती है। इसे लेकर अभियान के तहत डेटा की जांच और व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सहारा योजना को लेकर भी प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। योजना का लाभ पात्र लोगों को ही दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई बार अपात्र लोगों के नाम दर्ज होने के कारण पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित रह जाते हैं। इसी वजह से योजनाओं के डेटा को व्यवस्थित करने पर ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हिमकेयर, आयुष्मान भारत और सहारा योजना के प्रभावी संचालन को लेकर प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है। निजी अस्पतालों को भी इन योजनाओं के संबंध में उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक धरातल पर पहुंच सके।

धनीराम शांडिल ने कहा कि कई मामलों में 20 हजार रुपये का बिल बढ़कर 2 लाख से 4 लाख रुपये तक पहुंचने की स्थिति सामने आई है। उन्होंने कहा कि ऐसी कमियों को दूर करने के लिए सरकार व्यवस्था में सुधार कर रही है और योजनाओं का विस्तार भी किया जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अक्टूबर-नवंबर तक प्रदेश सरकार की वित्तीय स्थिति में सुधार आने की उम्मीद है और देनदारियों को भी समाप्त करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हिमकेयर योजना को लेकर पंचायत स्तर से भी डेटा मांगा गया है, ताकि पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।

Share the news