बालीचौकी स्कूल में विद्यार्थियों को करियर, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी

24 सितंबर | खबर अभी अभी | मंडी

जागरूकता शिविर में विद्यार्थियों को करियर विकल्प, कौशल विकास और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई

मंडी। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बालीचौकी में विद्यार्थियों को करियर, रोजगार एवं स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों से अवगत करवाने के उद्देश्य से जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान विद्यार्थियों को करियर विकल्पों के साथ-साथ कौशल विकास, स्वरोजगार और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

जिला रोजगार कार्यालय मंडी से जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को सरकारी एवं निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों, रोजगार पंजीकरण तथा रोजगार से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और कौशल के अनुरूप करियर का चयन करने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

आरसेटी के निदेशक प्रभात ने संस्थान की ओर से संचालित विभिन्न कौशल विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वरोजगार की संभावनाओं, कौशल प्रशिक्षण से मिलने वाले अवसरों और इसके लाभों से अवगत करवाया।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. अर्निका भंडारी ने किशोर स्वास्थ्य एवं मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने किशोरावस्था में शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों तथा इसके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के प्रति भी सचेत किया।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न करियर, रोजगार एवं स्वरोजगार विकल्पों से संबंधित सवाल पूछे और विशेषज्ञों से उनके उत्तर प्राप्त किए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के प्रधानाचार्य रणवीर सिंह ठाकुर का विशेष सहयोग रहा। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।

शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि समय रहते सही करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत कर सकती है।

Share the news