ख्योड़ मेले के समापन समारोह में पहुंचे उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री

24 सितंबर | खबर अभी अभी | गोहर

भव्य शोभायात्रा में लिया हिस्सा, आयोजकों और क्षेत्रवासियों को दी बधाई

गोहर। नाचन विधानसभा क्षेत्र के गोहर में आयोजित जिला स्तरीय नलवाड़ मेला ख्योड़ के समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने मेले की भव्य शोभायात्रा में भी भाग लिया और पारंपरिक संस्कृति का आनंद लिया।

समापन समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री का क्षेत्रवासियों और मेला आयोजन समिति की ओर से गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्होंने मेले के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए सभी आयोजकों, स्थानीय प्रशासन और क्षेत्रवासियों को बधाई दी।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस तरह के पारंपरिक मेले हिमाचल की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और आपसी भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अपने स्वागत और स्नेह के लिए क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

मेले के समापन अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।

Share the news