
24 सितंबर | खबर अभी अभी | शिमला

शिमला। नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विशेष सैल शिमला की टीम ने शोघी में कार्रवाई करते हुए करीब 10 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया है। मामले में जिला हमीरपुर निवासी 29 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को विशेष सैल शिमला की टीम शोघी के पास गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान टीम को एक व्यक्ति द्वारा मादक पदार्थ ले जाने के संबंध में विश्वसनीय सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शोघी में एक बस को रोककर नियमानुसार चैकिंग एवं तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बस की एक सीट के नीचे से एक पारदर्शी पाउच और काली पॉलिथीन की गांठ बरामद हुई। जांच करने पर इनमें करीब 10 ग्राम हेरोइन/चिट्टा पाया गया। पुलिस जांच में इस मामले में सुनील कुमार पुत्र राजेश कुमार, निवासी जिला हमीरपुर, आयु 29 वर्ष की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज (West), शिमला में अभियोग संख्या 195/2026, दिनांक 23 सितंबर 2026, धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार मामले में आगामी जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद मादक पदार्थ आरोपी तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति अथवा नेटवर्क की संलिप्तता है या नहीं।





