मुख्यमंत्री सुक्खू 26 सितंबर को मंडी दौरे पर, बल्ह को देंगे विकास कार्यों की सौगात

24 सितंबर | खबर अभी अभी | मंडी

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 26 सितंबर 2026 को मंडी जिला के एक दिवसीय प्रवास पर आएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री बल्ह विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे और कंसा मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि मुख्यमंत्री सुबह करीब 11:45 बजे कंसा मैदान पहुंचेंगे। यहां वे क्षेत्र के लिए विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं अस्पताल, नेरचौक पहुंचेंगे। यहां वे 3-टेस्ला एमआरआई मशीन और टर्शरी केयर कैंसर सेंटर का शुभारंभ करेंगे। साथ ही मेडिकल कॉलेज में पैट-सीटी स्कैन मशीन के लिए अधोसंरचना विकास कार्य का शिलान्यास भी करेंगे।

मुख्यमंत्री मेडिकल कॉलेज के फैकल्टी सदस्यों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद वे शिमला के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री के मंडी दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

Share the news