
24 सितंबर | खबर अभी अभी | कुल्लू

देवभूमि कुल्लू में इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। 21 से 27 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय उत्सव में इस बार ‘ग्लोबल डांस’, भव्य ड्रोन शो और लेजर शो प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेंगे। भारत सहित विभिन्न देशों के सांस्कृतिक दल अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से देवभूमि की संस्कृति और विश्व की विविध सांस्कृतिक परंपराओं का संगम प्रस्तुत करेंगे।
यह जानकारी विधायक एवं अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर ने अटल सदन में आयोजित बैठक के दौरान दी। उन्होंने कहा कि विश्व के बेहतरीन अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दलों की सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि कुल्लू दशहरा की ऐतिहासिक और समृद्ध परंपरा को वैश्विक मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि 17वीं शताब्दी से चली आ रही कुल्लू दशहरा की परंपरा और देव संस्कृति की झलक इस बार पूरे विश्व तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कुल्लू में करीब 365 स्थानीय देवी-देवताओं का वास है और उत्सव में शामिल होने के लिए सभी देवी-देवताओं को निमंत्रण भेजा जा चुका है।
भारत और विश्व की संस्कृतियों का होगा संगम
इस वर्ष विशेष रूप से ‘ग्लोबल डांस’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें भारतीय और विदेशी सांस्कृतिक नृत्यों का सम्मिश्रण देखने को मिलेगा। पेशेवर कोरियोग्राफर की मदद से कार्यक्रम तैयार किया जाएगा और इसके थीम सॉन्ग को भी आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय नृत्य महोत्सव भी उत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा। इसमें हिमाचल के विभिन्न जिलों के लोक नृत्यों के साथ देश के अलग-अलग राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) के सहयोग से विभिन्न देशों के सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित किया गया है। वहीं, एनजेडसीसी के माध्यम से राजस्थान, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और पंजाब सहित उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के दल भी हिस्सा लेंगे।
तीन दिन आसमान में दिखेगा 500 ड्रोन का जलवा
कुल्लू दशहरा में इस बार तकनीक और संस्कृति का अनूठा मेल देखने को मिलेगा। उत्सव के दूसरे, चौथे और छठे दिन भव्य ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। करीब 500 ड्रोन एक साथ आसमान में उड़ान भरकर विभिन्न आकृतियां और प्रस्तुतियां प्रदर्शित करेंगे। इसके साथ लेजर शो भी आयोजित किया जाएगा।
रथ यात्रा से होगा उत्सव का शुभारंभ
कुल्लू दशहरा उत्सव का शुभारंभ भगवान रघुनाथ जी की रथ यात्रा के साथ होगा। इस विशाल देव समागम में 300 से अधिक स्थानीय देवी-देवताओं के शामिल होने की संभावना है। उत्सव को परंपरा के अनुरूप आयोजित करने के साथ इसे और आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्लाट आवंटन में पारदर्शिता, बेस प्राइस में वृद्धि नहीं
दशहरा उत्सव में प्लाट आवंटन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और समावेशी बनाने का प्रयास किया गया है। सुंदर सिंह ठाकुर ने स्पष्ट किया कि इस वर्ष प्लाटों के बेस प्राइस में कोई वृद्धि नहीं की गई है।
30 इलेक्ट्रिक बसें संभालेंगी यातायात का भार
मेले में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए 30 इलेक्ट्रिक बसें विशेष रूप से चलाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त आनी-निरमंड, मणिकरण, लग और उझी घाटी के लिए भी विशेष बसों की व्यवस्था की जाएगी।
कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के लिए होमगार्ड की तैनाती, ट्रैफिक स्वयंसेवक, चेक पोस्ट और पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। पुलिस की निगरानी के लिए कंट्रोल टावर स्थापित किया जाएगा, जहां से पूरे मेला परिसर पर नजर रखी जाएगी।
नशामुक्ति परामर्श केंद्र और रात में सफाई
प्रदर्शनी मैदान में विशेष डी-एडिक्शन परामर्श केंद्र स्थापित किया जाएगा। यहां विशेषज्ञ नशे से प्रभावित युवाओं को उपचार के लिए प्रोत्साहित करने के साथ मार्गदर्शन करेंगे।
मेला परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर परिषद कुल्लू द्वारा रात 12 बजे के बाद सफाई करवाई जाएगी, ताकि अगले दिन मेला परिसर स्वच्छ और व्यवस्थित मिले।
देवताओं के साथ आने वाले बजंतरियों को दी जाने वाली राशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा करने की व्यवस्था की जा रही है। खेलकूद प्रतियोगिताओं में पुरस्कार राशि बढ़ाने पर भी विचार किया गया है। इसके अलावा उत्सव में 19 सरकारी विभागों की प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
जारी किया गया दशहरा उत्सव का टीजर
कुल्लू दशहरा उत्सव के पूर्वावलोकन (कर्टन रेजर) कार्यक्रम में विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने दशहरा उत्सव का टीजर जारी किया तथा कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार है और दशहरा कमेटी की ओर से देश-विदेश से आने वाले लोगों को उत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि दिल्ली में भी कुल्लू दशहरा उत्सव का कर्टन रेजर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
बैठक की कार्रवाई कार्यकारी उपायुक्त एवं दशहरा उत्सव कमेटी के उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह राठौर ने संचालित की।
बैठक में बंजार विधायक सुरेंद्र शौरी, आनी विधायक लोकेंद्र कुमार, मिल्क फेडरेशन अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह मियां, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेसराम आजाद, नगर परिषद अध्यक्ष आशा ठाकुर, उपाध्यक्ष शालिनी राय, श्रीरघुनाथ जी के प्रतिनिधि दानवेंद्र सिंह, कारदार संघ अध्यक्ष दोत राम ठाकुर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गैर-सरकारी सदस्य और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





