
#मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल करेंगे गाजीपुर में कूड़े के पहाड़ का दौरा*
केजरीवाल ने दावा किया कि राजधानी के लोग आगामी दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनावों में बीजेपी को खारिज कर देंगे और आम आदमी पार्टी (आप) को राष्ट्रीय राजधानी को साफ करने का मौका देंगे.

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
27 अक्टूबर 2022
दिल्ली में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी और बीजेपी ने एमसीडी चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं. इस बीच गाजीपुर लैंडफिल पर पॉलिटिक्स भी शुरू हो गई है. आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गाजीपुर में कूड़े के पहाड़ का दौरा करेंगे, लेकिन केजरीवाल के गाजीपुर लैंडफिल साइट पहुंचने से पहले हंगामा हो गया है. बीजेपी के सैकड़ों कार्यकर्ता काले झंडे लेकर आम आदमी पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद है
बीजेपी कार्यकर्ता हाथों में ‘केजरीवाल शर्म करो’ की तख्तियां और काले झंडे लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. बीजेपी ने केजरीवाल सरकार पर आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली को कूड़े की राजधानी बना दिया है. बीजेपी के प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भी वहां आ गए. इस दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
बीजेपी ने 15 साल में दिल्ली में बनाए कूड़े के पहाड़- केजरीवाल
इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर आरोप लगाया कि 15 सालों तक नगर निगम पर शासन करने वाली बीजेपी ने कचरे के तीन पहाड़ बनाने और राजधानी को कूड़े से भरने के अलावा कुछ नहीं किया. केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि बृहस्पतिवार को गाजीपुर लैंडफिल (कचरे का ढेर) स्थल का दौरा करूंगा. उन्होंने लोगों से उनका साथ देने का आग्रह भी किया.
केजरीवाल ने ट्वीट किया, ”बीजेपी के एक नेता से मैंने पूछा- 15 साल में नगर निगम में आपने क्या काम किया? शर्माते हुए उसने दो काम बताए.”
- कूड़े के तीन बड़े-बड़े पहाड़ बनाए
- पूरी दिल्ली को कूड़ा-कूड़ा कर दिया.
एमसीडी चुनावों में बीजेपी को खारिज करेंगे लोग- केजरीवाल
इससे पहले दिन में केजरीवाल ने दावा किया कि राजधानी के लोग आगामी दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनावों में बीजेपी को खारिज कर देंगे और आम आदमी पार्टी (आप) को राष्ट्रीय राजधानी को साफ करने का मौका देंगे. उन्होंने बीजेपी को चुनौती दी कि वह नगर निगमों में अपने 15 साल के शासन के दौरान किए गए एक अच्छे काम को दिखाए. इस साल के अंत में अथवा अगले वर्ष के शुरू में एमसीडी चुनाव होने की संभावना है. हालांकि, इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. केंद्र सरकार ने दिल्ली के तीनों नगर निगमों का एकीकरण कर दिया है
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





