
28 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

28 सितंबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला
शिमला। कथित ‘वोट चोरी’ और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को शिमला में प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटियों द्वारा प्रदेशभर में प्रदर्शन किए गए। शिमला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग उठाई। कांग्रेस ने चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूचियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग भी की।
शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल और शिमला शहरी कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने अतिरिक्त उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्हें पद से बर्खास्त करने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर मतदाता सूचियों से नाम हटाए जा रहे हैं, जिससे पात्र नागरिकों के मताधिकार पर असर पड़ सकता है। पार्टी ने कहा कि यदि मतदाताओं के अधिकारों को प्रभावित करने या मतदाता सूची में अनियमितताओं के आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांग्रेस ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार महत्वपूर्ण है और मतदाता सूची से जुड़े किसी भी विवाद का समाधान पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए। पार्टी ने चुनाव आयोग से मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है जब हिमाचल कांग्रेस पहले भी शिमला में चुनाव विभाग कार्यालय के बाहर SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर प्रदर्शन कर चुकी है तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग उठा चुकी है।
प्रदर्शन में हरिकृष्ण हिमराल, इंद्रजीत सिंह, रमेश ठाकुर, चंद्रशेखर शर्मा, विजय चौहान, देवेंद्र ठाकुर, राजेश शर्मा, जनाब चंदेल, दीपक राठौर, ममता, अनुराधा, सुरेंद्र रेटका, पवन वर्मा, रमेश चंदेल, जितेंद्र ब्रागटा, पवन हिमटा, महेश वर्मा, दिनेश मेहता, राम सिंह जसवाल, राजेश्वर जसवाल, घनश्याम हिमराल, विशाखा मोदी, सत्या वर्मा, दीपक सुंदरयाल और महेंद्र कुमार सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।





