लोक संस्कृति को संजोए रखना जरूरी, युवा पीढ़ी निभाए जिम्मेदारी : डॉ. लहरूराम संख्यान

8 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | भगेड़

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तलेली में आयोजित एनएसएस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ. लहरूराम संख्यान ने लोक संस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति को संजोकर रखना बेहद जरूरी है, अन्यथा आने वाली पीढ़ियां अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से अनजान रह जाएंगी।

उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति के संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। डॉ. संख्यान ने कहा कि युवा पीढ़ी बाहरी संस्कृति को तेजी से अपना रही है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने युवाओं से अपनी लोक परंपराओं और संस्कृति को नहीं भूलने की अपील की।

इस अवसर पर डॉ. लहरूराम संख्यान ने कई पहाड़ी गीत प्रस्तुत कर विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों का मनोरंजन भी किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्य नीलमा कुमारी ने भी अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर उपप्रधानाचार्य जीवन लाल, एनएसएस प्रभारी प्रीतम चंद, सरला ठाकुर, शिवानी, जमाल, ललिता, परमानंद, राजेंद्र, राकेश चड्ढा सहित स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।

Share the news