
08 अक्टूबर 2026 | खबर अभी-अभी | सोलन।

सोलन से बाशा और बिशा जाने वाली एचआरटीसी बस सेवाएं पिछले करीब 15 दिनों से प्रभावित हैं। दोनों रूटों पर बसें नियमित नहीं चलने से बसाल, धरोट, सैंज सहित करीब छह पंचायतों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बस सेवाएं प्रभावित होने का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, कॉलेज विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी एक बस को बाशा तो कभी दूसरी को बिशा रूट पर भेजा जा रहा है, जिससे यात्रियों को कई किलोमीटर पैदल चलने या निजी साधनों का सहारा लेने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी महक, वंदना, विशाल और तुषार ने बताया कि बस सेवा नियमित न होने से कॉलेज आने-जाने में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने एचआरटीसी से दोनों बसों को निर्धारित रूट पर नियमित चलाने की मांग की है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बस सेवाएं बहाल नहीं हुईं तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने परिवहन मंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।





