राजकीय महाविद्यालय आनी में केंद्रीय छात्र संघ की कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित

9 अक्टूबर 2026 | खबर अभी अभी | आनी, कुल्लू

आनी। राजकीय महाविद्यालय आनी में शुक्रवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए केंद्रीय छात्र संघ (सीएससीए) की कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दायक राम ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों और छात्र प्रतिनिधियों को उनके दायित्वों एवं कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई।
समारोह में मीनाक्षी देवी को केंद्रीय छात्र संघ का अध्यक्ष, देशराज को उपाध्यक्ष, रुचिता को महासचिव और स्नेहा को संयुक्त सचिव के पद की शपथ दिलाई गई। इसके अतिरिक्त निशा ठाकुर, ईशा, दामिनी शर्मा, नेहा, छ्याल सिंह, शब्बू कुमारी, करण सिंह और संगम कश्यप ने विभिन्न कक्षाओं के कक्षा प्रतिनिधियों के रूप में शपथ ग्रहण की।
विभिन्न गतिविधियों के लिए छात्र प्रतिनिधियों ने ली शपथ
महाविद्यालय में विभिन्न गतिविधियों और संगठनों के लिए भी छात्र प्रतिनिधियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। अक्षय ने रोवर प्रतिनिधि और साक्षी चौहान ने रेंजर प्रतिनिधि के रूप में शपथ ली। अक्षय कुमार और रिया कुमारी को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का प्रतिनिधि बनाया गया, जबकि तनिका और रविंद्र ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) प्रतिनिधियों के रूप में शपथ ग्रहण की।
इसी तरह पंकज और चांदनी ने सांस्कृतिक प्रतिनिधि, गौरव ठाकुर और कशिश ने खेल प्रतिनिधि तथा भूमिका धीमान और रनिका ने क्लब एवं सोसाइटी के छात्र प्रतिनिधियों के रूप में शपथ ली।
अनुशासन, ईमानदारी और नवाचार पर दिया जोर
प्राचार्य डॉ. दायक राम ठाकुर ने अपने संबोधन में केंद्रीय छात्र संघ के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों से अवगत करवाया। उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने तथा अनुशासन, कर्मठता और ईमानदारी जैसे मूल्यों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को शैक्षणिक और पाठ्येतर गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा नए विचारों और नवाचार को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Share the news