भावानगर में 400–500 फीट गहरी खाई में गिरी पिकअप, दो लोगों के सवार होने की आशंका

12 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | किन्नौर

किन्नौर जिले के भावानगर में शेरपा कॉलोनी से आगे काफनू की ओर एक पिकअप गाड़ी गहरी खाई में गिर गई। गाड़ी में दो लोगों के सवार होने की सूचना है, लेकिन उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

पुलिस के अनुसार, चौपाल निवासी सुनील कुमार ने बीती रात पुलिस थाना भावानगर पहुंचकर अपनी पिकअप गाड़ी (HP08A-3774) के लापता होने की मौखिक सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। रविवार सुबह तलाशी के दौरान गाड़ी शेरपा कॉलोनी से आगे काफनू की ओर करीब 400 से 500 फीट नीचे खाई में गिरी हुई मिली।

गाड़ी में चौपाल निवासी दया (37) और उमेश (24) के होने की आशंका जताई गई है। घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता नहीं होने के कारण पुलिस तत्काल गाड़ी और दोनों व्यक्तियों की स्थिति की पुष्टि नहीं कर सकी।

पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।

Share the news