हमीरपुर में बेटी के जन्म पर जश्न, भव्य रथ में नन्ही नातिन को लाए नाना के घर

12 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | हमीरपुर

हमीरपुर शहर के वार्ड नंबर 10 बाईपास में बेटी के जन्म की खुशी मनाने की अनूठी मिसाल देखने को मिली। सेवानिवृत्त कानूनगो शेर सिंह के परिवार ने अपनी नन्ही नातिन श्रजीनिका के नाना के घर पहली बार आगमन को यादगार बनाने के लिए भव्य आयोजन किया। नन्ही परी को सजे-धजे रथ में बिठाकर बैंड-बाजे के साथ घर लाया गया।

इस अवसर पर नाना शेर सिंह, नानी अनीता, परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने उत्साह के साथ नन्ही बच्ची का स्वागत किया। बैंड-बाजे की धुन के बीच निकाली गई रथ यात्रा के बाद घर पहुंचने पर बच्ची का गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया।

शेर सिंह ने बताया कि करीब तीन साल पहले उनकी बड़ी बेटी के घर भी बेटी का जन्म हुआ था। उस समय भी नातिन को इसी तरह भव्य रथ में बिठाकर नाना के घर लाया गया था। परिवार ने एक बार फिर उसी परंपरा को दोहराते हुए खुशियां मनाईं।

बेटियां किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं

नाना शेर सिंह ने कहा कि बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाना चाहिए। बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं और उन्हें समान सम्मान, प्यार व अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने में मदद करती है।

हमीरपुर में आयोजित यह स्वागत समारोह बेटी के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने और समाज में बेटियों के सम्मान का संदेश देने वाली पहल के रूप में सामने आया।

Share the news