
16 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के शमशी प्रशिक्षण केंद्र में शुक्रवार को राजस्थान सशस्त्र पुलिस बल (आरएसी) के 472 नव आरक्षियों की दीक्षांत परेड आयोजित की गई। नौ माह का प्रशिक्षण पूरा करने के बाद नव आरक्षियों ने कर्तव्यनिष्ठा और सेवा की शपथ ली।
समारोह में राजस्थान पुलिस के प्रशिक्षण निदेशालय के अतिरिक्त महानिदेशक एच.जी.आर. सुहास मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और प्रशिक्षण पूरा करने वाले जवानों को बधाई दी। नव आरक्षियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।
एच.जी.आर. सुहास ने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने जवानों से अपने सेवाकाल में अनुशासन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशल की वास्तविक परीक्षा कार्यक्षेत्र में होगी, जहां जवानों को कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और विवेक से काम लेना होगा।
इस दौरान नव आरक्षियों ने योग, शारीरिक प्रशिक्षण, दंगा नियंत्रण, निःशस्त्र युद्धकला, जूडो और हथियारों को खोलने व जोड़ने सहित विभिन्न कौशलों का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इससे पहले केंद्रीयकृत प्रशिक्षण केंद्र, एसएसबी सपड़ी के उपमहानिरीक्षक अजय कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। समारोह में सहायक कमांडेंट रवि कुमार, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल के कमांडेंट सौरभ दुबे, अन्य अधिकारी और नव आरक्षियों के परिजन मौजूद रहे।





