
17 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू

सुशांत शर्मा, कुल्लू। सूत्रधार कला संगम, कुल्लू के अध्यक्ष दिनेश सेन की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान संस्था की लगभग 50 वर्षों की यात्रा, कला-संस्कृति के संरक्षण और समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर अध्यक्ष दिनेश सेन ने उपायुक्त को कुल्लवी टोपी और मफलर पहनाकर सम्मानित किया तथा संस्था की गतिविधियों से संबंधित स्वागत पत्र भेंट किया। प्रतिनिधिमंडल ने युवाओं को नशे से दूर रखने और कला, संस्कृति व रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सकारात्मक दिशा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा की।
उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के बाद प्रतिनिधियों से दोबारा मुलाकात करने और नशा निवारण सहित सामाजिक कार्यों में सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में संस्था के उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, प्रचार-प्रसार सचिव सुंदर श्याम महंत, भंडार प्रभारी तिलक राज चौधरी, सचिव हितेश गोगी, मंजू लता शर्मा और कार्यकारिणी सदस्य भारत भूषण आचार्य शामिल रहे।
राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान
सूत्रधार कला संगम हिमाचल प्रदेश की प्रमुख सांस्कृतिक संस्थाओं में शामिल है। संस्था 15 राष्ट्रीय युवा उत्सवों में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी है। इसके कलाकार ओमान सहित विभिन्न मंचों पर हिमाचल की लोक संस्कृति का प्रदर्शन कर चुके हैं। संस्था के कलाकार हारमोनियम वादन में कांस्य, बांसुरी वादन में रजत और लोकगीत में स्वर्ण पदक हासिल कर चुके हैं।
इस वर्ष संस्था अपना स्वर्ण जयंती वर्ष मना रही है। लगभग पांच दशकों से संस्था सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करने में जुटी है।





