
17 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | मंडी

प्रदेश के आठ जिलों से करीब 200 अभ्यर्थियों ने लिया भर्ती प्रक्रिया में भाग, रहने-खाने और हवाई टिकट सहित कई सुविधाएं
हिमाचल प्रदेश सरकार की विदेशों में रोजगार उपलब्ध करवाने की पहल के तहत मंडी में आयोजित भर्ती साक्षात्कार के पहले चरण में 50 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की कंपनी वर्टिव गल्फ एलएलसी में विभिन्न पदों के लिए आयोजित इस भर्ती अभियान में प्रदेश के आठ जिलों से करीब 200 युवाओं ने पंजीकरण करवाया।
हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड तथा श्रम, रोजगार एवं विदेशी नियोजन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर, मंडी में साक्षात्कार आयोजित किए गए। भर्ती प्रक्रिया में मुंबई की एक्मे एंटरप्राइजेज ने एजेंसी के रूप में सहयोग किया।
चयनित पदों में सहायक, तकनीकी ऑपरेटर, इलेक्ट्रीशियन और फिटर सहित अन्य पद शामिल हैं। पद और निर्धारित शर्तों के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 37,700 से 45,000 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। अतिरिक्त कार्य के लिए नियमानुसार अलग से भुगतान किया जाएगा।
रहने-खाने से लेकर हवाई टिकट तक की सुविधा
निर्धारित अनुबंध के अनुसार चयनित युवाओं को रहने और खाने, वीजा, चिकित्सा सुविधा तथा साप्ताहिक अवकाश जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके अतिरिक्त 30 दिन का सवेतन वार्षिक अवकाश और प्रतिवर्ष घर आने-जाने के हवाई टिकट के लिए लगभग 71,000 रुपये का प्रावधान भी किया गया है।
युवाओं ने सरकार की पहल को सराहा
साक्षात्कार में शामिल युवाओं ने सरकारी स्तर पर विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के प्रयासों की सराहना की। मंडी के विजय कुमार और सुशील कुमार ने कहा कि रोजगार कार्यालय के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया होने से युवाओं को घर के नजदीक ही साक्षात्कार देने का अवसर मिला है। उन्होंने निजी एजेंटों के माध्यम से विदेश में नौकरी पाने के दौरान धोखाधड़ी की आशंका का उल्लेख करते हुए सरकारी पहल को उपयोगी बताया।
बिलासपुर के चेतन ठाकुर, कुल्लू के धर्मेन्द्र कुमार और सोलन के आसिम ने भी कहा कि इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में आईटीआई करने वाले युवाओं के लिए यह पहल विदेश में रोजगार पाने और अपनी तकनीकी दक्षता का उपयोग करने का अवसर प्रदान करती है।
युवाओं ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।





