
खबर अभी अभी
दिनांक: 23अक्टूबर 2026
शिमला

त्योहारों के मद्देनजर जिला शिमला पुलिस ने पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस थाना बालूगंज की टीम ने कच्चीघाटी में बिना लाइसेंस भारी मात्रा में पटाखे रखने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से 40 अलग-अलग प्रकार के पटाखे बरामद किए हैं, जिनमें कुल 200 छोटे-बड़े बॉक्स शामिल हैं। पुलिस ने पटाखों को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अभियोग संख्या 221/2026 दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 और 288 तथा विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(b) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, 20 अक्टूबर को गश्त के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि राम विलास गुप्ता निवासी एवं व्यवसायी कच्चीघाटी, शिमला, जो सब्जी और फलों की दुकान करता है, ने एक भवन में कमरा किराए पर ले रखा है। सूचना में बताया गया कि इस कमरे में बिना वैध लाइसेंस के भारी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे की जांच की। इस दौरान वहां से 12 प्लास्टिक बोरों और दो कार्टन बॉक्स में पैक पटाखे बरामद किए गए। बरामद पटाखे 40 अलग-अलग प्रकार के थे और उनकी कुल संख्या 200 छोटे-बड़े बॉक्स बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी राम विलास गुप्ता से पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध लाइसेंस या परमिट प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने पटाखों को कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
जिला शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य अवैध रूप से पटाखों की आपूर्ति पर अंकुश लगाने के साथ-साथ आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।





