अगले पांच वर्षों में पर्यटन क्षेत्र में 15,000 करोड़ रुपये तक निवेश करेगी प्रदेश सरकार: मुख्यमंत्री

26 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | शिमला

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार आगामी पांच वर्षों में पर्यटन क्षेत्र के विकास पर 10,000 से 15,000 करोड़ रुपये तक निवेश करने की योजना बना रही है। प्रदेश में हाई-एंड पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पर्यटन अधोसंरचना के विकास के साथ हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री शनिवार को शिमला जिले के नालदेहरा गोल्फ कोर्स में 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित कोटी गोल्फ कप-2026 के समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। प्रतियोगिता में 80 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया।

कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार पर 3,000 करोड़ रुपये खर्च

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए भूमि अधिग्रहण पर 3,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, प्रदेश में हवाई सेवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वीजीएफ) के तहत 35 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों को हेलीपोर्ट सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है। शिमला के लिए हवाई सेवाएं शुरू करने के प्रयास भी जारी हैं, जिससे पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार से बड़े विमानों का संचालन संभव होगा और प्रदेश में पर्यटकों की आमद बढ़ने की उम्मीद है।

ईको-टूरिज्म से 22 करोड़ रुपये का राजस्व

मुख्यमंत्री ने सतत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार की पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में 60 ईको-टूरिज्म साइट्स को लीज पर दिया गया है। इससे राज्य को 22 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है।

उन्होंने नालदेहरा गोल्फ कोर्स की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए इसे प्रदेश के मनोरम गोल्फ स्थलों में से एक बताया। मुख्यमंत्री ने गोल्फ कोर्स के विकास का श्रेय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह को दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए आवश्यक नीतिगत बदलाव किए जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने अपने छात्र जीवन की यादें भी साझा कीं।

गोल्फ कोर्स के विकास के लिए 1.82 करोड़ रुपये

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि नालदेहरा गोल्फ कोर्स को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। गोल्फ कोर्स को पर्यटकों के लिए भी खोला गया है, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने गोल्फ कोर्स के विकास के लिए 1.82 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाए हैं।

समारोह में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, महाधिवक्ता अनूप रतन, उपायुक्त अनुपम कश्यप, पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह तथा कोटी गोल्फ क्लब और नालदेहरा गोल्फ क्लब के सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share the news