शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने नावर क्षेत्र में विकास कार्यों का लिया जायजा, 8.62 करोड़ की सड़क का किया भूमि पूजन

शिमला, 24 नवंबर। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंगलवार को नावर क्षेत्र के प्रवास के दौरान विभिन्न निर्माणाधीन विकासात्मक कार्यों का निरीक्षण किया और कुठाड़ी में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने 8 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से बनने वाली टुटूपानी-नालावन संपर्क सड़क का भूमि पूजन भी किया।

कुठाड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के तहत लगभग 850 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि सड़कें विकास की भाग्य रेखाएं हैं। नावर क्षेत्र में बागवानी और पर्यटन की संभावनाओं को देखते हुए सड़क सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण बेहद महत्वपूर्ण है। इसी दिशा में विधानसभा क्षेत्र में अब तक 209 सड़कों की सफल पासिंग की गई है।

उन्होंने कहा कि नावर क्षेत्र की प्रत्येक पंचायत में करोड़ों रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में समान दृष्टिकोण से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं और आगामी एक वर्ष के भीतर महत्वपूर्ण कार्यों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

7.60 करोड़ की सड़क का किया निरीक्षण

शिक्षा मंत्री ने नाबार्ड के तहत निर्माणाधीन उमलाडवार-गाहलून-कड़ीवन संपर्क सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि इस सड़क का निर्माण लगभग 7 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है और करीब 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इस दौरान उन्होंने गाहलून क्षेत्र के लोगों को पेयजल योजना के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।

टुटूपानी-नालावन सड़क के निर्माण पर खर्च होंगे 8.62 करोड़

रोहित ठाकुर ने टुटूपानी-नालावन संपर्क सड़क का भूमि पूजन करते हुए कहा कि इस सड़क की लंबे समय से मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। लगभग 8 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। साथ ही बागवानी और अन्य आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

आर्थिक चुनौतियों के बावजूद विकास कार्य जारी

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार कठिन आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद विकास कार्यों को गति दे रही है और आत्मनिर्भर हिमाचल के लक्ष्य की दिशा में प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि डॉ. वाईएस परमार के समय से प्रदेश को मिलने वाला राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) केंद्र सरकार ने बंद कर दिया है। इसके अलावा जीएसटी क्षतिपूर्ति समाप्त होने, ऋण सीमा घटने और अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सहायता में कटौती से प्रदेश की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने किशाऊ बांध, बीबीएमबी और वाइल्डफ्लावर हॉल होटल से जुड़े मामलों में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। इन फैसलों से प्रदेश के राजस्व में वृद्धि होगी और आत्मनिर्भर हिमाचल के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।

स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र भवनों का किया निरीक्षण

शिक्षा मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुठाड़ी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठाड़ी के निर्माणाधीन भवनों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि स्कूल भवन का निर्माण 3 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिसका लगभग 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन पर 1 करोड़ 40 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों को दोनों भवनों का निर्माण मई 2027 तक पूरा करने और निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। इन भवनों के तैयार होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को बेहतर शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश की उपलब्धियां गिनाईं

रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार किया है। राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में हिमाचल प्रदेश पांचवें स्थान पर पहुंचा है, जबकि परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स में प्रदेश ने 21वें स्थान से तीसरा स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने शत-प्रतिशत साक्षरता दर प्राप्त की है। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 147 सरकारी स्कूलों को सीबीएसई से संबद्ध करने का निर्णय भी लिया गया है।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, बीडीसी अध्यक्ष ज्ञानपति, पंचायत प्रधान संदीप सांजटा, नीतू बाला, पूर्व जिला परिषद सदस्य हुक्म चंद, उपप्रधान पिंकू, ओंकार सुनटा, रेवती देवी, लोकपाल शरकोली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share the news