पठानकोट से चंबा तक नई रेलवे लाइन बिछाने की पहल, हर्ष महाजन ने रेल मंत्री को लिखा पत्र रेल संपर्क से बदलेगी चंबा की तस्वीर, पर्यटन कारोबार और रोजगार को मिलेगी नई गति : हर्ष महाजन

खबर अभी अभी | शिमला, 28 नवंबर

हिमाचल प्रदेश के आकांक्षी जिला चंबा को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने पहल की है। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर पठानकोट से चंबा तक नई रेलवे लाइन बिछाने के लिए विस्तृत व्यवहार्यता सर्वेक्षण करवाने और इस परियोजना को रेलवे की आगामी विकास योजनाओं में प्राथमिकता देने का आग्रह किया है।

हर्ष महाजन ने कहा कि चंबा हिमाचल प्रदेश के दुर्गम और पिछड़े जिलों में शामिल है। पठानकोट से चंबा की दूरी लगभग 125 किलोमीटर है, लेकिन भौगोलिक परिस्थितियों के चलते जिला अभी तक रेल संपर्क से वंचित है। ऐसे में पठानकोट रेलवे स्टेशन और रेलवे डिवीजन के माध्यम से चंबा को रेल नेटवर्क से जोड़ना क्षेत्र के विकास के लिए ऐतिहासिक कदम साबित हो सकता है।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित रेलवे लाइन से डलहौजी, खज्जियार, भरमौर, पांगी, चुराह और भटियात सहित पूरे चंबा जिले को लाभ मिलेगा। देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले पर्यटकों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी, जिससे पर्यटन कारोबार को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। इसके अलावा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

पर्यटन के साथ सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है चंबा

महाजन ने कहा कि चंबा अपनी प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक पर्यटन और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण भौगोलिक स्थिति के कारण विशेष पहचान रखता है। रेलवे सुविधा उपलब्ध होने से जिले की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों का देश के प्रमुख शहरों से संपर्क आसान होगा।

उन्होंने कहा कि आकांक्षी जिला चंबा को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए परिवहन सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। प्रस्तावित रेलवे लाइन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्र के समग्र विकास में भी अहम भूमिका निभा सकती है।

राज्यसभा सांसद ने केंद्रीय रेल मंत्री से पठानकोट-चंबा रेलवे लाइन का विस्तृत फीजिबिलिटी सर्वेक्षण और आवश्यक प्रारंभिक अध्ययन करवाने का आग्रह किया है। साथ ही उन्होंने इस परियोजना को रेलवे की आगामी विकास योजनाओं में शामिल करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

हर्ष महाजन ने विश्वास जताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सकारात्मक हस्तक्षेप से चंबा के लोगों की लंबे समय से चली आ रही रेल संपर्क की आकांक्षा को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा।

Share the news