प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थानों में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : अनिरुद्ध सिंह

खबर अभी अभी | शिमला

ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी शैक्षणिक संस्थानों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। वह शनिवार को शिमला के उपनगर समरहिल स्थित खेल मैदान में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित छात्राओं की तीन दिवसीय इंटर कॉलेज फुटबॉल प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

अनिरुद्ध सिंह ने प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों से पहुंची महिला खिलाड़ियों और उनके कोच को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हार और जीत खेल के दो पहलू हैं। दोनों टीमें जीत के लिए पूरी ताकत लगाती हैं, लेकिन खेल में हार-जीत से अधिक महत्व अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का होता है।

उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास और आपसी मेलजोल को बढ़ावा देने के लिए खेल प्रतियोगिताएं बेहद आवश्यक हैं।

महिला खिलाड़ियों की भागीदारी उत्साहजनक

ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि शिक्षा और समाज के विकास में महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान है। यह खुशी की बात है कि प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों की छात्राएं फुटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि पहले फुटबॉल का खेल विदेशों के साथ-साथ दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में अधिक लोकप्रिय था, लेकिन अब हिमाचल सहित उत्तर भारत में भी इस खेल के प्रति युवाओं की रुचि बढ़ रही है।

खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को मिल रहा प्रोत्साहन

अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के छात्र रहे हैं और उनके नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि हाल ही में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर लौटे हिमाचल के खिलाड़ियों को सम्मान स्वरूप करोड़ों रुपये की राशि प्रदान की गई है। इसके साथ ही खेलों के माध्यम से सरकारी नौकरी प्राप्त करने के लिए निर्धारित कोटे को भी बढ़ाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 15 दिसंबर से धर्मशाला में खेलो इंडिया प्रतियोगिता आयोजित होना प्रस्तावित है। उन्होंने अधिक से अधिक खिलाड़ियों से इसमें भाग लेने और बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

मंत्री ने समरहिल खेल मैदान को साफ-सुथरा रखने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिमला और आसपास के खेल मैदानों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए खिलाड़ियों के साथ-साथ उनकी देखरेख करने वाली संस्थाओं को भी प्रयास करने चाहिए।

प्रतियोगिता में पहुंचीं 11 टीमें

शुभारंभ समारोह में निदेशक शारीरिक शिक्षा संजय शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने जानकारी दी कि छात्राओं की इस तीन दिवसीय इंटर कॉलेज फुटबॉल प्रतियोगिता में अब तक 11 टीमें पहुंच चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय अकादमिक क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने के साथ-साथ खेल प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढ़कर भाग ले रहा है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के डीन ऑफ स्टडीज बी.के. शिवराम, शिक्षक संघ अध्यक्ष यशवंत सिंह हारटा, गैर शिक्षक कर्मचारी संघ अध्यक्ष राजेश ठाकुर, शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष मोहिंद्र सिंह, स्पोर्ट्स ऑब्जर्वर दिग्विजय रॉनी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, एनएसयूआई और एसएफआई के पदाधिकारी, प्रतियोगिता में भाग लेने वाली छात्राएं एवं कोच तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Share the news