शिमला में चिट्टे का मुख्य सप्लायर पंजाब के मुकेरियां से गिरफ्तार, 56 ग्राम हेरोइन मामले में था फरार

खबर अभी अभी | शिमला

शिमला पुलिस ने चिट्टा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोटी और जुन्गा क्षेत्र में नशे की सप्लाई करने के आरोपी मुख्य सप्लायर को पंजाब के मुकेरियां से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान युगराज पुत्र प्यार चंद, निवासी कोटी, तहसील जुन्गा, जिला शिमला के रूप में हुई है। वह 56 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए पंजाब में छिपा हुआ था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

महिला के क्वार्टर से बरामद हुआ था 56 ग्राम चिट्टा

पुलिस के अनुसार, 15 और 16 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि को शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर लोअर चक्कर स्थित एक आवासीय कमरे में तलाशी ली थी। इस दौरान अभियुक्ता हीना के कब्जे से 56 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई थी।

इस मामले में पुलिस थाना बालूगंज में 16 अक्टूबर 2026 को अभियोग संख्या 218/26 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान युगराज का नाम मुख्य सप्लायर के रूप में सामने आया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

महिला के क्वार्टर को बनाया था नशे की सप्लाई का ठिकाना

जांच में सामने आया है कि आरोपी युगराज ने चिट्टे की सप्लाई के लिए एक महिला से संपर्क स्थापित किया था और उसके क्वार्टर को नशे की सप्लाई का ठिकाना बना रखा था। पुलिस के अनुसार, वह अन्य साथियों की मदद से शिमला में नशे का कारोबार चला रहा था। आरोपी के अंतरराज्यीय नशा तस्करों के संपर्क में होने की जानकारी भी जांच में सामने आई है।

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क, नशे की सप्लाई के स्रोतों और इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

मोहाली में भी चिट्टा बरामदगी मामले में हो चुका है गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह पंजाब के मोहाली (एसएएस नगर) में अभियोग संख्या 66/22 के तहत दर्ज 20 ग्राम हेरोइन बरामदगी के मामले में भी गिरफ्तार हो चुका है। पुलिस उसके पुराने संपर्कों और नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

शिमला पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा मुकेरियां से मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी को नशा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य संलिप्त लोगों और नशे की सप्लाई के स्रोतों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों, उनके नेटवर्क और सप्लाई के स्रोतों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Share the news