प्रियंका गधी ने कहा कि पहली कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन स्कीम बहाल की जाएगी। 1 लाख पदों पर नियुक्ति किया जाना तय होगा। पांच साल में पांच लाख रोजगार देंगे। 680 करोड़ का स्टार्ट अप फंड, जीरो फीसदी ब्याज पर लोन देंगे। प्रियंका गांधा ने कहा कि भाजपा सरकार ने कर्मचारियों से धोखा किया। पेंशन भी छीन ली। बुढ़ापे में सिक्योरिटी नहीं। बागवानों से किसानो से पूछिए। बड़े-बड़े उद्योगपति दाम तय कर रहे हैं। जब ऐसी स्थिति आ जाए तो बदलाव जरूरी है। मंडी में विकास नहीं हुआ। यहां की सड़कों का बुरा हाल है। क्या पांच साल आप और इनको देंगे। जागरूकता से अनुभव से देखें इन्होंने पांच साल में क्या किया। प्रियंका गांधी ने 10 गारंटियां गिनाईं।
प्रियंका बोलीं- 63 हजार पद खाली
प्रतिज्ञा रैली में प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरा सौभाग्य है की बाबा भूतनाथ के दर्शन किए। आपने धूप में इतना इंतजार किया इसके लिए माफी चाहती हूं। सभी का इस सभा में स्वागत है। हम दो महापुरुषों को याद करते है। इंदिरा मेरी दादी की शहादत का दिन है और वल्लभ भाई का जन्मदिवस है। इंदिरा गांधी का हिमाचल के साथ अध्यात्मिक रिश्ता है। आज उन्हें गए हुए 40 साल हो गए। जनता का प्यार है। प्रियंका ने लोगों से पूछा- ऐसी क्या बात है इंदिरा जी में, मैं आपसे पूछ रही हूं। इंदिरा गांधी के जाने के बाद भारत में राजनीति बदल गई। जब हिमाचल बना तो इंदिरा ने शिमला में बर्फ में भाषण दिया। उस समय माहौल था की प्रदेश तो बना रहे हैं लेकिन चलेगा नहीं। इंदिरा गांधी को पूरा विश्वास था। यशवंत सिंह परमार मुख्यमंत्री बने फिर वीरभद्र आए काम हुआ। हिमाचल को बनाने वाले हिमाचल के किसान, सैनिक इन सभी ने हिमाचल बनाया। जब चुनाव आता है तो बोला जाता है की रिवाज बदलेंगे। यह परंपरा सौहार्द और धार्मिक मूल्यों वाला प्रदेश है। जब आपको कहा जाता है की परंपरा बदलिए तो यह गलत है। आजकल स्वार्थ ज्यादा देखा जाता है। ये जो परंपरा आपने पांच साल की सरकार बदलने की बनाई है। अच्छी है। ताकि नेताओं को अपना काम का पता चल सके। यहां एक राजा के समय नेता थे नरोतम जो भ्रष्ट थे आपने उनको हटा दिया। इन्हें भी हटाएं। प्रियंका ने लोगों से पूछा- यहां कितने युवा बैठे हैं। बताओ रोजगार मिला। नहीं मिला। 63 हजार पद खाली हैं। आपने पूछा सरकार से क्यों खाली हैं। यहां काम करने की नीयत नहीं है। हर भर्ती में घोटाला है। नौजवानों से खिलवाड़ किया है। पांच साल में कमरतोड़ महंगाई हुई है। जीएसटी जबरन थोप दिया गया।
भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबा है हिमाचल
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मंडी में हम सब आए प्रियंका के साथ आए हैं। बाबा भूतनाथ के दर्शन करके अच्छा लगा। उन्होंने सरदार वल्लभ भाई पटेल और इंदिरा गांधी अमर रहे के नारे लगवाए। कहा कि आप सभी ने इंदिरा जी को नमन किया। उनका हिमाचल से गहरा नाता है। प्रियंका तो हिमाचली हो गई हैं। यहीं इनका घर है। पांच साल पहले चुनाव हुआ तो आप लोग बहुत खुश थे क्योंकि मुख्यमंत्री यहीं से मिला। समय चलता गया और अब खुशी गायब हो गई है। महंगाई, भ्रष्टाचार के आकंठ में हिमाचल डूबा है। डिग्रियां और पेपर बेचे जा रहे हैं। 2018 में राहुल गांधी छत्तीसगढ़ गए। किसानों से जो वादा किया था उसे पूरा किया। केंद्र सरकार ने अड़ंगा लगाया तो हमने बेहतर योजनाएं लागू की। जयराम कोई भी वादा पूरा नहीं कर पाए। इस बार उन्हें बाय-बाय करें।
मील का पत्थर साबित होगी भारत जोड़ो यात्रा
सांसद और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा की मंडी ने जो प्यार वीरभद्र परिवार को दिया है उसका कर्ज नहीं चुकाया जा सकता। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मील का पत्थर साबित होगी। वीरभद्र मंडी को अपनी कर्मभूमि कहते थे। उन्होंने सेंटर जोन का दर्जा मंडी को दिया। आईआईटी, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज स्वर्गीय वीरभद्र की देन है। प्रतिभा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई बार हिमाचल आ चुके हैं। लेकिन एक बार भी बेरोजगारी और महंगाई कम करने की बात नहीं की। प्रदेश सरकार की लापरवाही से पुलिस भर्ती पेपर लीक हुआ।
पड्डल मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगी प्रियंका
कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली के लिए प्रियंका गांधी मंडी पहुंच गई हैं। प्रियंका ने बाबा भूतनाथ मंदिर में माथा टेका और देवी देवताओं को आशीर्वाद लिया। प्रियंका कुछ देर में ऐतिहासिक पड्डल मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगी। कांग्रेस की प्रतिज्ञा रैली में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस के 300 जवानों को तैनात किया गया है। प्रियंका गांधी का रोड शो नहीं होगा। सुरक्षा कारणों के चलते यह फैसला लिया गया है।
शिमला जिले में 2,590 सर्विस वोटर करेंगे मतदान
शिमला जिले के आठ विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,590 सर्विस वोटर मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी और उपायुक्त आदित्य नेगी ने कहा कि जिले में कुल 2,492 पुरुष और 98 महिला सर्विस वोटर मतदान करेंगे। चौपाल में 560, ठियोग में 517, कसुम्पटी में 193, शिमला में 105, शिमला ग्रामीण में 521, जुब्बल-कोटखाई में 172, रामपुर में 221, रोहड़ू में 301 सर्विस वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नेगी ने कहा कि चुनाव में एक-एक वोट का महत्व है और सभी को जागरूक नागरिक के दायित्व निभाते हुए 12 नवंबर को मतदान करना चाहिए।
चंडीगढ़ नंबर की गाड़ी से दो करोड़ रुपये पकड़े
हिमाचल पुलिस की ओर से उठाए जा रहे ठोस कदमों के चलते जिला नूरपुर पुलिस ने नाके में चेकिंग के दौरान चंडीगढ़ नंबर की एक गाड़ी से हरसिंदर पाल सिंह निवासी चंडीगढ़ के कब्जे से दो करोड़ रुपये बरामद किए हैं। राज्य पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू ने पुलिस अधीक्षक, पुलिस जिला नूरपुर और उनकी टीम को दो करोड़ रुपये की बरामदगी के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के चलते सीमाओं पर नाके लगाए गए हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है।
राज्य विधानसभा चुनाव के चलते पुलिस विभाग ने पड़ोसी राज्यों के साथ लगती हिमाचल प्रदेश की सीमाओं को सील कर दिया है। बाहरी राज्यों से हिमाचल में शराब, पैसा व नशीले पदार्थ की आपूर्ति न हो, इसके चलते सीमाओं पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। बाहरी राज्यों से आने वाली हर गाड़ी की जांच करने के बाद ही हिमाचल में प्रवेश दिया जा रहा है।
पूर्व विस अध्यक्ष मुसाफिर समेत छह नेता कांग्रेस से निष्कासित
कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, दो पूर्व विधायक सुभाष मंगलेट और जगजीवन पाल समेत छह नेताओं को पार्टी ने छह साल के लिए निष्कासित कर दिया। रविवार को पार्टी हाईकमान ने इन नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर ये आदेश जारी किए।
एक नवंबर को कुटलैहड़, हमीरपुर आएंगे सचिन पायलट
राजस्थान से कांग्रेस के युवा नेता सचिन पायलट एक नवंबर को जिला ऊना के कुटलैहड़ और हमीरपुर में चुनावी जनसभाएं करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को हिमाचल में छह नवंबर के बाद बुलाने की योजना है।
कांग्रेस के चुनाव प्रचार पर भी नजर रखेंगी प्रियंका गांधी
पार्टी नेताओं ने बताया कि हिमाचल में मतदान होने तक प्रियंका गांधी का शिमला में ही रुकने का कार्यक्रम है। प्रियंका शिमला से सभी जिलों में प्रचार के लिए जाएंगी। राजधानी शिमला से प्रियंका गांधी कांग्रेस के चुनाव प्रचार पर भी नजर रखेंगी।
नवंबर के पहले हफ्ते में कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में चुनावी रैलियां करेंगी प्रियंका
अब प्रियंका गांधी नवंबर के पहले हफ्ते में कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में चुनावी रैलियां ही करेंगी। अक्तूबर के पहले सप्ताह में भी प्रियंका छराबड़ा आई थीं। इस दौरान पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी भी कुछ दिनों के लिए यहां आई थीं। 15 अक्तूबर को प्रियंका और सोनिया गांधी शिमला से लौटी थीं। अब शनिवार सुबह दोबारा प्रियंका गांधी चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से होते हुए शिमला पहुंचीं।
प्रियंका बोलीं- पहली कैबिनेट में ओपीएस, 1 लाख पदों पर नियुक्ति का होगा फैसला
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी शनिवार को राजधानी शिमला से सटे छराबड़ा स्थित अपने घर पर पहुंची। आज वह मंडी के पड्डल मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगी। हालांकि, ट्रैफिक आदि का हवाला देकर सुरक्षा कारणों के मद्देनजर पार्टी ने कुल्लू, ऊना, चंबा और शिमला में प्रस्तावित उनके रोड शो रद्द कर दिए हैं।