
8 अक्टूबर, 2026 | खबर अभी-अभी | रिकांग पीओ

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘जोश स्क्वाड’ को लेकर जिला किन्नौर के अधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक उपायुक्त कार्यालय के एनआईसी सभागार में आयोजित की गई। इस दौरान जोश स्क्वाड के शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया।
बैठक में टीबी उन्मूलन अभियान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और समाज में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर चर्चा हुई। युवाओं को टीबी के लक्षणों की पहचान, समय पर जांच, उपचार और बचाव के उपायों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अधिकारियों ने कहा कि टीबी उपचार योग्य बीमारी है और समय पर जांच व उपचार से इसके प्रसार को रोकने में मदद मिलती है। पंचायत स्तर तक जागरूकता गतिविधियां बढ़ाने और लोगों को लक्षण पाए जाने पर स्वास्थ्य संस्थानों में जांच करवाने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं के बीच समन्वय मजबूत करने और जिले को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य के लिए मिलकर कार्य करने पर सहमति बनी।
बैठक में जिला परिषद किन्नौर अध्यक्ष हकीम नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी पुष्प राज ठाकुर, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. सुधीर नेगी, उप निदेशक उच्च शिक्षा कुलदीप डोगरा सहित शिक्षा विभाग, एनसीसी और अन्य विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





