
खबर अभी अभी | शिमला, 23 नवंबर।

राजधानी शिमला के प्रसिद्ध संकट मोचन मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हितेन्द्र कंवर (31) निवासी बसंतपुर, तहसील सुन्नी, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 23 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को संकट मोचन मंदिर में चोरी की वारदात सामने आई थी। चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर सोने और चांदी के आभूषणों के साथ दानपात्रों में रखी नकदी चोरी कर ली थी। इस संबंध में पुलिस थाना पश्चिम, शिमला में अभियोग संख्या 236/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(D) में मामला दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर और आसपास के क्षेत्रों की CCTV फुटेज तथा तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। जांच के आधार पर चोरी की वारदात में कथित रूप से संलिप्त आरोपी की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता की धारा 120B के तहत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी से चोरी की वारदात और चोरी किए गए सामान के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।





