शोघी में बस की तलाशी के दौरान 27 ग्राम चिट्टा बरामद, 21 वर्षीय युवक गिरफ्तार

खबर अभी अभी | शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ शिमला पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने शोघी में नाकाबंदी के दौरान एक बस में सवार 21 वर्षीय युवक से 27 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्पेशल सेल शिमला की टीम पुलिस चौकी शोघी के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने चेकिंग के लिए एक बस को रोका। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बस की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बस में सवार संदीप पुत्र ओम प्रकाश (21 वर्ष), निवासी तहसील रामपुर, जिला शिमला के कब्जे से 27 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर पुलिस थाना शोघी में FIR संख्या 256/2026 दिनांक 17 नवंबर 2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 21 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है।

पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आया था और इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं। इसके साथ ही नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला जा रहा है, ताकि इस कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

शिमला पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का लक्ष्य नशे की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर इस अवैध धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करना है।

Share the news