NCC ने 2026 में कुल्लू में आयोजित किए चार रॉक क्लाइम्बिंग कैंप, 119 कैडेटों को दिया साहसिक प्रशिक्षण

कुल्लू। 1 HP एयर स्क्वाड्रन NCC कुल्लू की ओर से वर्ष 2026 के दौरान कुल्लू के बबेली स्थित ITBP केंद्र में चार रॉक क्लाइम्बिंग कैंप सफलतापूर्वक आयोजित किए गए। इन प्रशिक्षण शिविरों में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 119 NCC कैडेटों ने भाग लेकर साहसिक गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

ये कैंप NCC ग्रुप मुख्यालय शिमला तथा PHHP एवं चंडीगढ़ निदेशालय के तत्वावधान में 1 HP एयर स्क्वाड्रन NCC कुल्लू के कमांडिंग ऑफिसर विंग कमांडर कुणाल शर्मा के नेतृत्व में आयोजित किए गए।

वर्ष 2026 में आयोजित चार कैंपों में पहला कैंप 20 से 26 अप्रैल तक PHHP एवं चंडीगढ़ निदेशालय के लिए आयोजित किया गया। दूसरा कैंप 5 से 11 अक्टूबर तक राजस्थान निदेशालय, तीसरा 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय और चौथा कैंप 12 से 18 नवंबर तक जम्मू, कश्मीर एवं लद्दाख निदेशालय के कैडेटों के लिए आयोजित हुआ।

इन शिविरों में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख सहित विभिन्न क्षेत्रों के कैडेटों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें रॉक क्लाइम्बिंग, बैलेंस क्लाइम्बिंग, ट्रैवर्स क्लाइम्बिंग, बिलगिरी क्लाइम्बिंग, रैपलिंग और जिपलाइनिंग जैसी साहसिक गतिविधियों का सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

कैडेटों को पर्वतारोहण में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों, विभिन्न प्रकार की गांठें लगाने, एंकरिंग तकनीकों और सुरक्षा प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए प्राथमिक चिकित्सा, CPR और बुनियादी चिकित्सा बचाव तकनीकों पर विशेष सत्र आयोजित किए गए।

कैंप की एक अन्य महत्वपूर्ण गतिविधि ITBP के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संवाद रही। इस दौरान अधिकारियों ने कैडेटों को ITBP और अन्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) की भूमिका, करियर के अवसरों तथा अनुशासन, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण के महत्व से अवगत करवाया।

विंग कमांडर कुणाल शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इन कैंपों से कैडेटों को साहसिक गतिविधियों का व्यावहारिक अनुभव मिला। साथ ही उनके आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, शारीरिक सहनशक्ति और निर्णय लेने की क्षमता को विकसित करने में भी मदद मिली।

ITBP बबेली और NCC स्टाफ के सक्रिय सहयोग से चारों प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुए। यह पहल युवाओं में साहसिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें अनुशासित, आत्मविश्वासी तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करने में सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुई।

सुशांत शर्मा, कुल्लू

Share the news