
जनजातीय जिला किन्नौर में लगातार बढ़ रहे मानव-वन्यजीव संघर्ष और विशेष रूप से काले भालू के हमलों से हो रहे नुकसान का अब वैज्ञानिक और सामाजिक-आर्थिक आकलन किया जाएगा। भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR), नई दिल्ली के प्रायोजन और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के नेतृत्व में जिले में व्यापक सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण शुरू किया गया है।
10 से 25 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस सर्वेक्षण में जिले के तीनों विकास खंडों कल्पा, निचार और पूह के प्रभावित क्षेत्रों को शामिल किया गया है। शोधकर्ताओं की टीम गांव-गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से सीधा संवाद कर रही है। इस दौरान भालू के हमलों की घटनाओं, ग्रामीणों की सुरक्षा पर मंडराते खतरे, सेब के बगीचों और अन्य कृषि फसलों को हो रहे नुकसान के साथ किसानों की आजीविका पर पड़ रहे आर्थिक प्रभाव से जुड़े आंकड़े जुटाए जा रहे हैं।
शोधकर्ताओं के अनुसार, किन्नौर जैसे संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्र में इंसान और वन्यजीवों के बीच बढ़ता टकराव गंभीर सामाजिक-आर्थिक और पर्यावरणीय चुनौती बन चुका है। अध्ययन से प्राप्त निष्कर्ष भविष्य में नीति निर्माण में मददगार होंगे। इसके आधार पर मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने, ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और स्थानीय समुदायों तथा वन्यजीवों के बीच बेहतर सह-अस्तित्व की रणनीति तैयार करने में सहायता मिलेगी।
इस परियोजना में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के अध्यक्ष डॉ. बी. आर. ठाकुर प्रधान अन्वेषक हैं, जबकि बायोसाइंस विभाग के अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार नेगी सह-प्रधान अन्वेषक की भूमिका निभा रहे हैं।
मैदानी स्तर पर सर्वेक्षण का कार्य रिसर्च असिस्टेंट डॉ. आकांक्षा क्लेटे, फील्ड इन्वेस्टिगेटर मयंक सिंह नेगी और रिसर्च स्कॉलर मोनिका नेगी कर रहे हैं।






