
खबर अभी अभी | धर्मशाला (तपोवन)

राजकीय महाविद्यालय चुवाड़ी और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मनहोता, भटियात के छात्र-छात्राओं ने बुधवार को तपोवन विधानसभा में हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा के 13वें सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही सदन में बैठकर देखी। इसके बाद विद्यार्थियों ने विधानसभा परिसर के गेट नंबर-2 पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां से शिष्टाचार भेंट की और संसदीय प्रणाली से जुड़े कई सवाल पूछे।
विद्यार्थियों ने विधानसभा की कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक व्यवस्था और विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया को लेकर जिज्ञासा जाहिर की। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी सवालों के सरल और विस्तारपूर्वक जवाब देकर बच्चों की शंकाओं का समाधान किया।
इस दौरान पठानियां ने विद्यार्थियों से भारतीय लोकतांत्रिक प्रणाली, संविधान और हिमाचल प्रदेश विधानसभा के इतिहास से जुड़े सवाल भी पूछे। उन्होंने सदन की कार्यवाही देखते समय विद्यार्थियों के अनुभव और प्रतिक्रियाएं भी जानीं।
संसदीय व्यवस्था की जानकारी देते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि भारत की संसदीय प्रणाली संघीय ढांचे पर आधारित है, जिसमें केंद्र और राज्य दोनों स्तरों पर सरकारें कार्य करती हैं। बहुदलीय व्यवस्था के तहत राजनीतिक दल चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारते हैं और जनता मतदान के माध्यम से अपने प्रतिनिधियों का चयन करती है। विधानसभा सत्र के दौरान विधायक अपने निर्वाचन क्षेत्रों की समस्याओं को प्रश्नों और संसदीय नियमों के माध्यम से सदन में उठाते हैं, जिनका जवाब सरकार देती है।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कुल 68 सीटें हैं और 35 या उससे अधिक सीटें हासिल करने वाला दल बहुमत के आधार पर सरकार बनाने की स्थिति में होता है। सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मंत्रिपरिषद काम करती है।
विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया समझाते हुए पठानियां ने बताया कि स्पीकर का चुनाव विधानसभा सदस्य करते हैं। चुनाव प्रक्रिया शुरू करने के लिए वरिष्ठ सदस्य को प्रोटेम स्पीकर बनाया जाता है। इसके बाद उम्मीदवारों के नामांकन होते हैं। यदि एक ही उम्मीदवार हो तो उसे निर्विरोध चुना जाता है, जबकि एक से अधिक उम्मीदवार होने पर मतदान के जरिए अध्यक्ष का चयन किया जाता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को भविष्य में सदन की कार्यवाही देखने के लिए भी आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझना और जागरूक नागरिक बनना युवाओं के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।





