
मंडी, 17 नवंबर। हिमाचल प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी एचपी शिवा परियोजना के तहत किसानों को सीधे बाजार से जोड़ने की पहल रंग लाने लगी है। उद्यान विभाग मंडी ने बागवानों को बिचौलियों से मुक्त कर उनके उत्पादों की सीधी बिक्री के लिए मंडी के ऐतिहासिक सेरी मंच पर विशेष विक्रय केंद्र शुरू किया है। इस पहल के तहत किसान अपने फल सीधे उपभोक्ताओं को बेच रहे हैं।
छुईघाट क्लस्टर के संतरे की खूब हुई बिक्री
उद्यान विभाग की इस पहल को स्थानीय उपभोक्ताओं का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। सीधी बिक्री अभियान के तहत मंडी जिले के छुईघाट क्लस्टर से लाए गए मीठे संतरे की ‘ब्लड रेड’ और ‘जाफा’ किस्मों के करीब 2.5 टन यानी 25 क्विंटल फल सीधे ग्राहकों को बेचे गए।
बागवानों को संतरे के लिए 50 रुपये प्रति किलोग्राम का सीधा मूल्य मिला। इससे किसानों को अपने उत्पाद का बेहतर दाम मिलने के साथ ही उपभोक्ताओं को स्थानीय स्तर पर ताजे फल खरीदने का अवसर मिला है।
996 हेक्टेयर में 96 क्लस्टर स्थापित
उद्यान विभाग मंडी के उपनिदेशक एवं एचपी शिवा विपणन समिति के अध्यक्ष डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि जिले में एचपी शिवा परियोजना के तहत लगभग 996 हेक्टेयर क्षेत्र में कुल 96 क्लस्टर स्थापित किए गए हैं। इन क्लस्टरों में तैयार फलों की फसल अब बड़े पैमाने पर बाजार में पहुंचने लगी है।
उन्होंने बताया कि बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी के निर्देश हैं कि किसानों को आधुनिक तकनीक से खेती करने में सहयोग देने के साथ उनके उत्पादों की बिक्री के लिए भी बेहतर बाजार व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाए।
रिलायंस, जेप्टो सहित प्रमुख कंपनियों तक पहुंची उपज
डॉ. संजय गुप्ता के अनुसार, विभाग क्लस्टर से जुड़े किसानों को राष्ट्रीय स्तर के खरीदारों से जोड़ने के प्रयास कर रहा है। इस वर्ष विभिन्न क्लस्टरों से उत्पादित प्लम (आलूबुखारा), अमरूद और मीठे संतरे की बिक्री रिलायंस, गो-फॉर-फ्रेश, जेप्टो और ऑरेंज वैली जैसी कंपनियों के साथ-साथ लुधियाना और चंडीगढ़ की कृषि उपज मंडी समितियों में भी की गई है।
उन्होंने बताया कि मार्केट लिंकेज अभियान को आगे बढ़ाते हुए अब ‘फार्म-टू-कंज्यूमर’ यानी खेत से सीधे उपभोक्ता तक उत्पाद पहुंचाने के मॉडल को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे किसानों को बिना कमीशन के सीधे बिक्री का लाभ मिलने की उम्मीद है, वहीं स्थानीय लोगों को ताजे फल उचित दरों पर उपलब्ध हो रहे हैं।






