
केलांग, 17 नवंबर 2026। उपायुक्त लाहौल एवं स्पीति निवेदिता नेगी की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला मुख्यालय केलांग स्थित उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में जिला स्तरीय एनकॉर्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशा निवारण और मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। बैठक का संचालन डीएसपी के.डी. शर्मा ने किया।
बैठक में 24 सितंबर 2026 को आयोजित पिछली बैठक की कार्रवाई रिपोर्ट पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने राष्ट्रीय नशा मुक्त अभियान के तहत विभिन्न विभागों को जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए शिक्षा और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है। जिला कल्याण कार्यालय, पुलिस विभाग, एसडीएम उदयपुर और काजा सहित संबंधित विभागों को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा गया।
अनुपयोगी स्कूल भवनों की पहचान के निर्देश
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करने की संभावनाओं के मद्देनजर उपयुक्त अनुपयोगी स्कूल भवनों की पहचान करने के निर्देश दिए। वहीं, खंड विकास अधिकारी केलांग को ग्राम सभाओं के माध्यम से पंचायत स्तर पर नशा निवारण समितियों का गठन करने और उन्हें सक्रिय बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।
बैठक में स्कूलों और कॉलेजों में नशा मुक्त परिसर पहल के क्रियान्वयन, खेल गतिविधियों के आयोजन तथा विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की प्रगति की समीक्षा की गई। स्कूल एवं कॉलेज गोद लेने की योजना के तहत नशा विरोधी जागरूकता और रोकथाम गतिविधियों पर भी चर्चा हुई।
चिट्टा विरोधी अभियान और पुनर्वास सुविधाओं पर मंथन
बैठक में राज्यव्यापी चिट्टा विरोधी प्रवर्तन अभियान, जिला एनकॉर्ड बैठकों की कार्यप्रणाली, पंचायत स्तर पर नशा निवारण समितियों की स्थिति तथा नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों को सुदृढ़ करने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही परामर्श सुविधाओं को बेहतर बनाने और नशे की ओवरडोज से होने वाली मौतों की रोकथाम के लिए प्रभावी प्रतिक्रिया तंत्र मजबूत करने पर भी चर्चा की गई।
बैठक के समापन पर उपायुक्त निवेदिता नेगी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा गोद लिए गए स्कूलों का नियमित दौरा किया जाए और विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता अभियानों के साथ खेल एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने पर विशेष जोर दिया, ताकि युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे से दूर रखा जा सके।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में एसडीएम कुनिका एकर्स, डीएसपी के.डी. शर्मा, खंड विकास अधिकारी मनीष राय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी चमन सिंह ठाकुर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक, एसडीएम उदयपुर ओम प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। 70 आरसीसी और 94 आरसीसी के अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लिया।






