
खबर अभी अभी | धर्मशाला, 16 नवंबर।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक सुधीर शर्मा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह किसी फिल्म की सफलता केवल बड़े-बड़े पोस्टर और होर्डिंग लगाने से तय नहीं होती, उसी तरह सरकार भी प्रचार और दिखावे के सहारे जनता का विश्वास हासिल नहीं कर सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार का ध्यान जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों के बजाय अपनी छवि चमकाने और जगह-जगह पोस्टर लगाने पर केंद्रित है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा की ओर से लगाए गए पोस्टर निजी स्थानों और समर्थकों की संपत्तियों पर लगाए गए थे, लेकिन प्रशासन के माध्यम से उन्हें हटवाया जा रहा है। वहीं, कांग्रेस सरकार और उसके नेताओं के पोस्टर तथा फ्लेक्स जगह-जगह बिना अनुमति के लगे हुए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार दोहरे मापदंड क्यों अपना रही है? क्या नियम केवल विपक्ष के लिए हैं और सत्ताधारी दल पर ये नियम लागू नहीं होते?
उन्होंने कहा कि पोस्टर और फ्लेक्स लगाने से न तो जनता की समस्याओं का समाधान होता है और न ही सरकार की लोकप्रियता बढ़ती है। लोकप्रियता काम करने से आती है, केवल प्रचार करने से नहीं।
सुधीर शर्मा ने हाल ही में आई फिल्म ‘हनुमान अंश’ का उदाहरण देते हुए कहा कि इस फिल्म के अधिक पोस्टर नजर नहीं आए, लेकिन किसी भी फिल्म की सफलता का आधार उसका वास्तविक प्रदर्शन होता है। इसके विपरीत कई फिल्मों के पोस्टर हर गली और चौराहे पर दिखाई देते हैं, लेकिन वे बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित होती हैं।
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “जिन फिल्मों के पोस्टर सबसे ज्यादा लगाए जाते हैं, वे कई बार सबसे बड़ी फ्लॉप साबित होती हैं। हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार के साथ भी यही होने वाला है। सरकार जितने मर्जी पोस्टर लगा ले, जनता के सामने उसकी वास्तविकता छिपने वाली नहीं है।”
भाजपा विधायक ने कांग्रेस सरकार को सलाह दी कि विपक्ष के पोस्टर हटवाने और अपनी प्रचार सामग्री लगाने के बजाय प्रदेश के विकास और जनता की समस्याओं पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जनता किसी सरकार का मूल्यांकन पोस्टरों की संख्या से नहीं, बल्कि उसके कामकाज और उपलब्धियों से करती है।
सुधीर शर्मा ने दावा किया कि सरकार प्रचार के माध्यम से अपनी असफलताओं को छिपाने का कितना भी प्रयास कर ले, अंततः जनता ही तय करती है कि कौन सफल है और कौन फ्लॉप। आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश की जनता सरकार को उसके कामकाज का जवाब देगी।





