सोनिया गांधी पर सोशल मीडिया पोस्ट करना कंगना रनौत को पड़ा भारी, शिमला में FIR दर्ज

खबर अभी अभी | शिमला

मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों के मामले में शिमला पुलिस ने उनके खिलाफ FIR दर्ज की है। रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा की शिकायत पर पुलिस थाना बालूगंज में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196(1)(b), 353(2) और 356(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, कंगना रनौत ने 10 नवंबर को सोशल मीडिया पर गांधी परिवार और सोनिया गांधी को लेकर एक पोस्ट साझा की थी। इस पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौतों को सोनिया गांधी के राजनीतिक उत्थान से जोड़ते हुए सवाल उठाए गए थे। पोस्ट में सोनिया गांधी के लिए ‘मिस्टिरियस फॉरेन नेशनल’ यानी रहस्यमयी विदेशी नागरिक जैसे शब्दों का इस्तेमाल भी किया गया था।

इस पोस्ट को लेकर रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा ने हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) से शिकायत की थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पोस्ट में भ्रामक, अपुष्ट और भड़काऊ दावे किए गए हैं, जिनसे सामाजिक सौहार्द और सार्वजनिक शांति प्रभावित हो सकती है। DGP के निर्देशों के बाद शिमला पुलिस ने मामले की जांच करते हुए FIR दर्ज की।

गांधी परिवार की मौतों और सोनिया गांधी के राजनीतिक उत्थान को लेकर उठाए सवाल

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंगना रनौत ने अपनी पोस्ट में इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौतों को सोनिया गांधी के राजनीतिक प्रभाव और उत्थान से जोड़कर सवाल खड़े किए। पोस्ट में ‘हाउ कन्वीनिएंट’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए इन घटनाओं और सोनिया गांधी के राजनीतिक प्रभाव के बीच संबंध होने का संकेत दिया गया था।

मेनका गांधी के पुराने इंटरव्यू का भी किया गया जिक्र

कंगना रनौत की पोस्ट में पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी के अभिनेत्री सिमी गरेवाल को दिए गए पुराने इंटरव्यू का भी उल्लेख किया गया था। कंगना ने इस इंटरव्यू को री-पोस्ट करते हुए गांधी परिवार के भीतर रिश्तों और मेनका गांधी के परिवार से अलग होने की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठाए थे।

किन धाराओं में दर्ज हुआ मामला?

पुलिस ने BNS की धारा 196(1)(b), 353(2) और 356(2) के तहत FIR दर्ज की है। धारा 196 विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने से संबंधित है, जबकि धारा 353(2) झूठी सूचना और अफवाह के प्रसार से जुड़ी है। धारा 356(2) मानहानि से संबंधित है।

शिकायतकर्ता ने धारा 197 के तहत भी जांच की मांग की थी, लेकिन FIR में इस धारा को शामिल नहीं किया गया है। इन धाराओं के तहत सजा और जमानत से जुड़े प्रावधान अलग-अलग हैं।

ASI मदन लाल को सौंपी गई जांच

FIR के अनुसार, मामले की जांच ASI मदन लाल को सौंपी गई है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट, शिकायत में लगाए गए आरोपों और उनसे जुड़े तथ्यों की जांच करेगी।

गौरतलब है कि FIR दर्ज होना आरोपों की पुष्टि या किसी व्यक्ति को दोषी ठहराया जाना नहीं है। मामले में आगे की स्थिति पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।

अब शिमला पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामला राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।

Share the news