
मंडी लोकसभा क्षेत्र को प्रदेश सरकार में उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। जिला कांग्रेस कमेटी कुल्लू की जिला कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर कुल्लू सदर के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर को शीघ्र कैबिनेट मंत्री बनाने की मांग उठाई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सेस राम आजाद ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र के राजनीतिक संतुलन और कुल्लू में कांग्रेस संगठन की मजबूती के लिए सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में स्थान दिया जाना जरूरी है।
जिला मुख्यालय कुल्लू में जिला कांग्रेस कमेटी की विशेष बैठक अध्यक्ष सेस राम आजाद की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सर्कुलर के अनुसार ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम को जिले के चारों ब्लॉकों की सभी जोनल, पंचायत और बूथ कमेटियों तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही जिला पदाधिकारियों को सौंपे गए संगठनात्मक दायित्वों की समीक्षा की गई और विधानसभा वार संगठनात्मक गतिविधियों की रिपोर्ट लेने का फैसला हुआ।
बैठक का सबसे अहम मुद्दा सुंदर सिंह ठाकुर को कैबिनेट मंत्री बनाने की मांग रहा। जिला अध्यक्ष सेस राम आजाद ने बताया कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुल्लू की ओर से 11 नवंबर 2026 को आयोजित जनरल हाउस में पारित प्रस्ताव की प्रति मिलने के बाद जिला कार्यकारिणी ने इस पर विस्तार से चर्चा की।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुल्लू ने अपने प्रस्ताव में चेतावनी दी है कि यदि 11 दिसंबर 2026 तक सुंदर सिंह ठाकुर को कैबिनेट मंत्री नहीं बनाया गया तो ब्लॉक की संपूर्ण कार्यकारिणी, 16 जोन अध्यक्ष, 157 बूथ अध्यक्ष और फ्रंटल संगठनों के प्रमुख सामूहिक रूप से अपने संगठनात्मक पदों से त्यागपत्र देंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के इस प्रस्ताव और कार्यकर्ताओं की भावनाओं का समर्थन करते हुए सर्वसम्मति से सुंदर सिंह ठाकुर को मंडी लोकसभा क्षेत्र के कोटे से शीघ्र कैबिनेट मंत्री बनाने का प्रस्ताव पारित किया।
सेस राम आजाद ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी वर्ष 2023 से लगातार सुंदर सिंह ठाकुर को कैबिनेट मंत्री बनाने की मांग उठाती आ रही है। इस मांग को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के समक्ष भी रखा जा चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कई बार सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाने की बात कह चुके हैं, जिसका कांग्रेस स्वागत करती है, लेकिन अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस निर्णय की आवश्यकता है।
मंडी लोकसभा क्षेत्र के साथ राजनीतिक असंतुलन का उठाया मुद्दा
सेस राम आजाद ने प्रदेश के विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों को मिले राजनीतिक प्रतिनिधित्व का हवाला देते हुए कहा कि शिमला लोकसभा क्षेत्र से पांच मंत्री और 12 से अधिक नेताओं को लाभ के पद दिए गए हैं। कांगड़ा से दो मंत्री और छह लाभ के पद मिले हैं। हमीरपुर से मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और एक मंत्री सहित लगभग छह लाभ के पदों पर नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इसके विपरीत मंडी लोकसभा क्षेत्र से केवल एक मंत्री, जो जनजातीय क्षेत्र से संबंध रखते हैं, को मंत्रिमंडल में स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि मंडी क्षेत्र के साथ इस तरह का राजनीतिक असंतुलन उचित नहीं है और इसे दूर किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों में कुल्लू को शुरुआती दौर में ही कैबिनेट मंत्री का प्रतिनिधित्व मिलता रहा है, लेकिन वर्तमान सरकार के लगभग चार वर्ष बीतने के बावजूद कुल्लू की जनता मंत्री पद की प्रतीक्षा कर रही है। ऐसे में सरकार के चार वर्ष पूरे होने से पहले सुंदर सिंह ठाकुर को कैबिनेट मंत्री बनाया जाना चाहिए।
राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा प्रस्ताव
जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रस्ताव को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, हिमाचल कांग्रेस प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव रजनी पाटिल, सह प्रभारी विदित चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को भेजने का निर्णय लिया है।
सेस राम आजाद ने कहा कि जरूरत पड़ने पर जिला कांग्रेस कमेटी चारों ब्लॉक अध्यक्षों और फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों को साथ लेकर इस मांग को राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष प्रमुखता से उठाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला कांग्रेस कमेटी की पूरी कार्यकारिणी संगठन की मजबूती के लिए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुल्लू के साथ खड़ी है और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
रिपोर्ट: सुशांत शर्मा, कुल्लू






