
राजकीय महाविद्यालय आनी में 13 नवंबर 2026 को महाविद्यालय हिन्दी परिषद एवं करियर गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में ‘हिन्दी भाषा : शिक्षा से रोजगार तक’ विषय पर करियर मार्गदर्शन व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को हिन्दी भाषा के शैक्षणिक महत्त्व, रोजगार की संभावनाओं और विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में हिन्दी की बढ़ती उपयोगिता से अवगत करवाना रहा।
व्याख्यान के दौरान सहायक प्रोफेसर हिन्दी डॉ. निर्मल सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिन्दी केवल अभिव्यक्ति और साहित्य की भाषा नहीं है, बल्कि यह रोजगार और स्वरोजगार के अनेक अवसर भी उपलब्ध करवाती है।
उन्होंने बताया कि हिन्दी विषय में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद शिक्षण, पत्रकारिता, अनुवाद, राजभाषा अधिकारी, जनसंचार, प्रकाशन, लेखन, संपादन, रेडियो, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया जैसे क्षेत्रों में करियर बनाया जा सकता है। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, सरकारी सेवाओं और निजी क्षेत्र में भी हिन्दी भाषा के ज्ञान की महत्त्वपूर्ण भूमिका है।
डिजिटल युग में हिन्दी से रोजगार के नए अवसर: प्राचार्य
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दायक राम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के विस्तार ने हिन्दी भाषा में रोजगार की नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। उन्होंने हिन्दी परिषद और करियर गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल को इस सार्थक आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अपनी भाषाई दक्षता, लेखन कौशल, संप्रेषण क्षमता और तकनीकी ज्ञान विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही उन्हें अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप करियर का चयन करने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने विषय से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे और हिन्दी भाषा में उपलब्ध रोजगार की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर बीए हिन्दी अंतिम वर्ष के सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।






