सड़क सुरक्षा के लिए विभाग आपसी समन्वय से करें कार्य, दुर्घटना संभावित स्थानों पर बढ़ाए जाएं सुरक्षा इंतजाम : उपायुक्त निवेदिता नेगी

केलांग, 17 नवंबर 2026। उपायुक्त लाहौल एवं स्पीति निवेदिता नेगी की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपातकालीन सहायता व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक का संचालन क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) कुल्लू आकांक्षा शर्मा ने किया।

बैठक में पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। इस दौरान बीआरओ, लोक निर्माण विभाग और एचआरटीसी केलांग के क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा सड़कों पर रंबल स्ट्रिप्स एवं रोड स्टड स्थापित करने के कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई।

स्कूलों के आसपास सुरक्षित यातायात व्यवस्था पर जोर

बैठक में विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित करने और स्कूलों के आसपास सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत स्कूल सेफ्टी जोन बनाने, यातायात संकेतक बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे और कन्वेक्स मिरर स्थापित करने जैसे उपायों पर चर्चा की गई।

उपायुक्त निवेदिता नेगी ने संबंधित विभागों को दुर्घटना संभावित एवं संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों पर जरूरत के अनुसार क्रैश बैरियर लगाने और पुलिस विभाग को संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बैरियर स्थापित करने को कहा।

ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग पर होगी निगरानी

बैठक में व्यावसायिक वाहनों में ओवरलोडिंग एवं ओवरस्पीडिंग रोकने, वाहनों की फिटनेस की नियमित जांच और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

इसके अलावा सड़क सुरक्षा मित्र (Sadak Suraksha Mitra) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ। उपायुक्त ने पुलिस विभाग और खंड विकास अधिकारियों को पंचायतों तथा शैक्षणिक संस्थानों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। एसडीएम उदयपुर को अपने क्षेत्र में पुलिस विभाग और बीआरओ के सहयोग से सड़क सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियां एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।

गोल्डन ऑवर में घायलों को मिले तत्काल उपचार

बैठक में प्रधानमंत्री राहत योजना (PM RAHAT Scheme) के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को समय पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाना है।

उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटना के बाद महत्वपूर्ण गोल्डन ऑवर के दौरान घायलों को समय पर उपचार और योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के शुरुआती समय में त्वरित चिकित्सा सहायता घायल व्यक्ति की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

बैठक के अंत में उपायुक्त निवेदिता नेगी ने सभी विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए केवल आधारभूत सुविधाएं विकसित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि आम जनता, विशेषकर विद्यार्थियों और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। सभी विभाग इस दिशा में सक्रियता और आपसी तालमेल के साथ कार्य करें, ताकि जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में एसडीएम कुनिका एकर्स, डीएसपी के.डी. शर्मा, आरटीओ कुल्लू आकांक्षा शर्मा, खंड विकास अधिकारी मनीष राय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी चमन सिंह ठाकुर, क्षेत्रीय प्रबंधक एचआरटीसी अंचित शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी संजय कुमार और एसडीएम उदयपुर ओम प्रकाश उपस्थित रहे। 70 आरसीसी एवं 94 आरसीसी के अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में भाग लिया। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Share the news