
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राजकीय महाविद्यालय कुल्लू में जिला स्तरीय इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। इसके तहत निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं करवाई गईं, जिनमें कुल्लू जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों से चयनित 70 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से गठित चयन समिति की देखरेख में आयोजित इस प्रतियोगिता में 35 विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तरी और 35 विद्यार्थियों ने निबंध लेखन प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाई। इसमें विभिन्न महाविद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों और स्कूलों के विद्यार्थी शामिल हुए।
हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में आयोजित निबंध लेखन प्रतियोगिता के विषय ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ और ‘मतदान का महत्व’ रखे गए थे। वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, ईवीएम और वीवीपैट के साथ-साथ मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछे गए।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित हुई। पहले चरण में सभी 35 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से बेहतर प्रदर्शन करने वाले 16 विद्यार्थियों ने दूसरे राउंड में जगह बनाई। इसके बाद अंतिम 10 प्रतिभागियों का चयन किया गया।
दोनों प्रतियोगिताओं के अंतिम परिणाम 20 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इसके बाद चयनित विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा और भावी मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर चयन समिति के सदस्य नायब तहसीलदार निर्वाचन ज्वाला दास, उप निदेशक प्राथमिक सुरेश कुमार, डॉ. सुमित ठाकुर, प्रो. पुने राम, प्रो. प्रीती और हेम राज भारद्वाज उपस्थित रहे।
सुशांत शर्मा, कुल्लू






