जगत सिंह नेगी का बयान देशद्रोही मानसिकता का परिचायक : सुरेश कश्यप

खबर अभी अभी | शिमला, 20 नवंबर।

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा विधानसभा में राफेल लड़ाकू विमानों और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई टिप्पणियों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मंत्री ने राजनीतिक विरोध की सभी मर्यादाएं लांघ दी हैं। कश्यप ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से जगत सिंह नेगी को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है।

सुरेश कश्यप ने कहा कि जगत सिंह नेगी का यह कहना कि ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के बजाय भारत के छक्के छूट गए, अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उनके अनुसार इस तरह की टिप्पणी भारतीय सशस्त्र सेनाओं के मनोबल को ठेस पहुंचाने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी टिप्पणियां देश के प्रति गलत मानसिकता को दर्शाती हैं और किसी जिम्मेदार मंत्री से इस तरह की भाषा की अपेक्षा नहीं की जा सकती।

कश्यप ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा का राजनीतिक विरोध करने का पूरा अधिकार है, लेकिन राजनीतिक विरोध के नाम पर भारतीय सेना के पराक्रम और देश की रक्षा क्षमताओं का उपहास उड़ाना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश वीरभूमि है। प्रदेश के हजारों जवान देश की सीमाओं पर तैनात हैं और अनेक वीर सैनिकों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। ऐसे प्रदेश के मंत्री की ओर से की गई इस तरह की टिप्पणी सैनिक परिवारों की भावनाओं को आहत करने वाली है।

भाजपा सांसद ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सवाल किया कि क्या उनकी सरकार जगत सिंह नेगी के बयान से सहमत है? यदि सरकार इस बयान से सहमत नहीं है, तो मुख्यमंत्री मंत्री के खिलाफ कार्रवाई करने से क्यों बच रहे हैं?

सुरेश कश्यप ने मांग की कि मुख्यमंत्री जगत सिंह नेगी को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करें और मंत्री देश की जनता तथा सैनिक परिवारों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से भी इस पूरे विवाद पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की।

Share the news