
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार के मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और भारतीय सेना को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा के प्रदेश मीडिया सह संयोजक दानवेन्द्र सिंह ने इस टिप्पणी को बेहद निंदनीय बताते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और मंत्री जगत सिंह नेगी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
कुल्लू से जारी बयान में दानवेन्द्र सिंह ने कहा कि देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों के प्रति अपमानजनक टिप्पणी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे संवेदनशील विषय और भारतीय सेना के शौर्य पर सवाल उठाने वाली बयानबाजी से सैनिकों का मनोबल प्रभावित होता है और देश व प्रदेश की जनता की भावनाएं आहत होती हैं।
दानवेन्द्र सिंह ने मांग की कि मंत्री जगत सिंह नेगी के साथ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी इस मामले में देश के सैनिकों और प्रदेश की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।






