अंतरराष्ट्रीय पैरा थ्रो बॉल में भारत ने जीता रजत पदक, कुल्लू की ज्योति ठाकुर ने बढ़ाया हिमाचल का मान

कुल्लू। श्रीलंका में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पैरा थ्रो बॉल प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है। इस उपलब्धि में हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की पैरा एथलीट ज्योति ठाकुर की भागीदारी ने प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

श्रीलंका के रत्नापुर स्टेडियम में 19 से 21 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में कई देशों की टीमों ने हिस्सा लिया। भारतीय टीम में हिमाचल प्रदेश की चार खिलाड़ियों को जगह मिली थी, जिनमें बंजार उपमंडल की ज्योति ठाकुर भी शामिल रहीं।

भारतीय टीम ने प्रतियोगिता का आगाज बांग्लादेश के खिलाफ जीत के साथ किया और फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में भारत का सामना मेजबान श्रीलंका से हुआ, जहां श्रीलंका ने जीत दर्ज कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि भारतीय टीम दूसरे स्थान पर रही।

ज्योति ठाकुर ने बताया कि भारतीय टीम में चयनित होकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात रही। उन्होंने प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास किया।

गौरतलब है कि ज्योति इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर की पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में कई पदक जीत चुकी हैं। उनकी खेल उपलब्धियों के लिए प्रदेश सरकार ने हाल ही में उन्हें प्रतिष्ठित हिम रत्न अवार्ड से भी सम्मानित किया है।

ज्योति ठाकुर की यह उपलब्धि न केवल कुल्लू और हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है, बल्कि उभरते पैरा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा है।

Share the news