#दरिंदे आफताब को सीन रीक्रिएट करने कुल्लू की पार्वती घाटी ले जाएगी पुलिस*

श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपी आफताब को पुलिस हिमाचल की पार्वती घाटी लेकर आएगी और यहां सीन रीक्रिएट किया जाएगा।

श्रद्धा वालकर हत्याकांड

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

18 नवंबर 2022

दिल्ली में श्रद्धा वालकर हत्याकांड के आरोपी आफताब अमीन पूनावाला की रिमांड अवधि पांच दिन के लिए बढ़ा दी गई है। अदालत ने दरिंदे के नार्को टेस्ट की भी मंजूरी दे दी है। पुलिस ने अदालत को बताया कि आरोपी को हिमाचल की पार्वती घाटी और दिल्ली के वन क्षेत्रों में ले जाकर सीन रीक्रिएट करने हैं। ऐसे में रिमांड अवधि बढ़ाई जाए। साथ ही, सही स्थिति जानने के लिए नार्को टेस्ट भी जरूरी बताया। अदालत ने दोनों मांगें मान लीं।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये पेशी : इससे पहले, वकीलों ने आफताब की फांसी की मांग करते हुए प्रदर्शन और नारेबाजी की। इसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा कारणों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से आफताब की पेशी की मांग की थी। साकेत अदालत में मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अविरल शुक्ला ने इसकी अनुमति दे दी।

आफताब की मौजमस्ती में बाधा बन रही थी श्रद्धा : पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आफताब श्रद्धा से पीछा छुड़ाना चाहता था। वह अपने तरीके से मौजमस्ती वाली जिंदगी जीना चाहता था। श्रद्धा उसकी मौजमस्ती की जिंदगी में बाधा बन रही थी। श्रद्धा उससे आए दिन झगड़ा करती थी, जिससे वह उससे तंग आ गया था।

Share the news