
आईपीएल के पहले प्लेऑफ धर्मशाला में होने वाला मुकाबला ऐतिहासिक होगा। धर्मशाला स्टेडियम में पहली बार खेले जाने वाले पहले क्वालीफायर मुकाबले के दौरान आईपीएल की चमचमाती ट्रॉफी भी स्टेडियम में विशेष मंच पर स्थापित की जाएगी। ऐसे में हजारों क्रिकेट प्रेमियों को न केवल रोमांचक मैच का आनंद मिलेगा, बल्कि उन्हें करीब से आईपीएल ट्रॉफी देखने का अवसर भी मिलेगा। आईपीएल प्रबंधन और आयोजन समिति की ओर से ट्रॉफी को मैदान के वीआईपी एरिया के पास विशेष सुरक्षा घेरे में रखा जाएगा।
मैच शुरू होने से पहले और इनिंग ब्रेक के दौरान ट्रॉफी पर विशेष लाइटिंग और आकर्षक प्रस्तुति की जाएगी। इससे स्टेडियम और भी भव्य नजर आएगा। इसके साथ ही ट्रॉफी के पीछे लगी डिजिटल स्क्रीन पर आईपीएल के इतिहास और पूर्व विजेता टीमों की झलकियां भी दिखाई जाएंगी। अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध धर्मशाला स्टेडियम को इस महामुकाबले के लिए रंग-बिरंगी रोशनी और विशाल एलईडी होर्डिंग्स से सजाया जा रहा है। माना जा रहा है कि मैच से पहले होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम में ट्रॉफी को बेहद खास और अनोखे अंदाज में मैदान पर लाया जाएगा। क्वालीफायर में भिड़ने वाली टीमें खिताबी जीत से सिर्फ एक कदम दूर होंगी।
प्रदेश के लिए यह गौरव की बात है कि पहली बार धर्मशाला में आईपीएल का क्वालीफायर मुकाबला खेला जा रहा है। क्वालीफायर मैच के दौरान आईपीएल ट्रॉफी भी स्टेडियम में रखी जाएगी, जो दर्शकों और खिलाड़ियों दोनों में उत्साह भरती नजर आएगी।- अरुण धूमल, चेयरमैन, आईपीएल





