उपमंडल सरकाघाट में नंबरदारों की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं के समाधान तथा उनकी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने को लेकर एसडीएम सरकाघाट राजेंद्र कुमार गौतम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

19/06/2026
खबर अभी अभी
मंडी
उपमंडल सरकाघाट में नंबरदारों की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं के समाधान तथा उनकी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने को लेकर एसडीएम सरकाघाट राजेंद्र कुमार गौतम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार सरकाघाट मनीष कुमार, नायब तहसीलदार भदरोता, ढलवाण व बलद्वाड़ा सहित हिमाचल प्रदेश नंबरदार जन कल्याण संघ के अध्यक्ष भीम सिंह, पदाधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से आए नंबरदार उपस्थित रहे।
एसडीएम ने नंबरदारों की समस्याएं सुनीं और कहा कि नंबरदार राजस्व प्रशासन तथा आम जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। उन्होंने नंबरदारों से अपने दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करने तथा प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक में नंबरदारों ने भूमि पंजीकरण, इंतकाल, निशानदेही सहित विभिन्न राजस्व कार्यों में उनकी भूमिका, ढाल-वाच उपलब्ध करवाने तथा समय-समय पर प्रशिक्षण प्रदान करने से संबंधित मांगें रखीं। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को जायज मांगों एवं समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में सरकाघाट राजस्व क्षेत्र के कुल 36 में से 28 नंबरदार उपस्थित रहे। एसडीएम ने तहसील कार्यालय के व्हाट्सऐप ग्रुप में सभी नंबरदारों को जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें राजस्व कार्यों और प्रशासन से संबंधित आवश्यक सूचनाएं समय पर मिल सकें। उन्होंने कहा कि इससे प्रशासन और नंबरदारों के बीच समन्वय बेहतर होगा।

Share the news