19/09/2026
खबर अभी अभी
सोलन
आयुष्मान भारत स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस प्रोग्राम के तहत सेंटा रोजा, सोलन में आयोजित चार दिवसीय स्वास्थ्य एवं कल्याण प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हुआ। 15 से 18 सितंबर तक चले इस प्रशिक्षण में नालागढ़, अर्की, धुंधन और धर्मपुर ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों ने भाग लिया।

भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा शिक्षा मंत्रालय के मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रशिक्षण हेल्थ एंड वेलनेस एम्बेसडर कार्यक्रम का चौथा चरण था। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को हेल्थ एंड वेलनेस एम्बेसडर के रूप में तैयार करना और विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, मानसिक एवं भावनात्मक कल्याण, पोषण, स्वस्थ जीवनशैली, जीवन कौशल तथा निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

समापन समारोह में उप निदेशक स्कूल शिक्षा (क्वालिटी) एवं डीपीओ समग्र शिक्षा राजेंद्र वर्मा तथा प्राचार्य डाइट सोलन ममता गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने शिक्षकों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं कौशल को विद्यालयों में विद्यार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि हेल्थ एंड वेलनेस एम्बेसडर के रूप में शिक्षक विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के साथ विद्यालयों में सकारात्मक और जागरूक वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कार्यक्रम के चौथे चरण के सफल आयोजन के लिए कार्यक्रम समन्वयक कुसुम अवस्थी को बधाई दी और स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस प्रोग्राम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

चार दिवसीय प्रशिक्षण का समापन शिक्षकों के इस संकल्प के साथ हुआ कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी और गतिविधियों को विद्यालय स्तर पर लागू कर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य, कल्याण और समग्र विकास को बढ़ावा देंगे।

Share the news