कंगना रनौत की सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद, DGP के दरबार पहुंची आपराधिक शिकायत; FIR दर्ज करने की मांग

खबर अभी अभी | शिमला

मंडी से भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हिमाचल प्रदेश में विवाद खड़ा हो गया है। गांधी परिवार को लेकर कथित आपत्तिजनक और भ्रामक टिप्पणियां करने के आरोप में कैप्टन अतुल शर्मा ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) के समक्ष आपराधिक शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने कंगना रनौत के खिलाफ FIR दर्ज करने और पूरे मामले की समयबद्ध साइबर फॉरेंसिक जांच करवाने की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को कंगना रनौत के सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट @KanganaTeam से एक पोस्ट साझा की गई थी। इसमें पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मौत से जुड़े घटनाक्रम को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक और भ्रामक दावे किए गए थे। शिकायतकर्ता ने पोस्ट में इस्तेमाल की गई भाषा और तथ्यों की प्रस्तुति पर गंभीर आपत्ति जताई है।

सोनिया गांधी पर टिप्पणी को लेकर भी उठाए सवाल

शिकायत में सोनिया गांधी को लेकर इस्तेमाल की गई भाषा और लगाए गए आरोपों पर विशेष नाराजगी जताई गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पोस्ट में सोनिया गांधी को एक रहस्यमयी विदेशी नागरिक के रूप में प्रस्तुत करते हुए गांधी परिवार के सदस्यों की मौत और सत्ता तक पहुंचने के घटनाक्रम को आपस में जोड़ने का प्रयास किया गया। पोस्ट में ‘How convenient!’ जैसी टिप्पणी पर भी आपत्ति जताई गई है। इसके अलावा संजय गांधी की मृत्यु के बाद मेनका गांधी को परिवार के आवास से बाहर निकाले जाने संबंधी दावे पर भी सवाल उठाए गए हैं।

BNS की तीन धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग

कैप्टन अतुल शर्मा ने अपनी शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 196, 353 और 197 का उल्लेख करते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 173 के तहत FIR दर्ज करने का आग्रह किया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस तरह की सोशल मीडिया सामग्री से सार्वजनिक वैमनस्य और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है।

साइबर फॉरेंसिक जांच और डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग

शिकायत में संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता की जांच, डिजिटल फुटप्रिंट्स सुरक्षित रखने और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का फॉरेंसिक परीक्षण करवाने की मांग भी की गई है। साथ ही पोस्ट किस संदर्भ और किन परिस्थितियों में साझा की गई थी, इसकी निष्पक्ष जांच करने का आग्रह किया गया है।

फिलहाल मामला पुलिस के समक्ष शिकायत के स्तर पर है। कंगना रनौत के खिलाफ FIR दर्ज होने या हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा औपचारिक जांच शुरू किए जाने की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि पुलिस मुख्यालय इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है।

Share the news