कंडा कोट में कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ, जोगिंद्रा बैंक चेयरमैन मुकेश शर्मा ने युवाओं को दिया खेलों का संदेश

5 सितंबर 2026 | खबर अभी अभी | कसौली/सोलन

कसौली: शिक्षक दिवस के अवसर पर जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश शर्मा ने कसौली निर्वाचन क्षेत्र के कंडा कोट स्थित माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। ग्रामीण युवक मंडल की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में मुकेश शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

इस अवसर पर खिलाड़ियों और स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए मुकेश शर्मा ने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। शिक्षा जहां मानसिक और बौद्धिक विकास का आधार है, वहीं खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और शारीरिक मजबूती विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए युवाओं का शिक्षित होने के साथ-साथ खेलों से जुड़ना भी जरूरी है।

युवाओं को नशे से दूर रखने में खेलों की अहम भूमिका

मुकेश शर्मा ने प्रदेश सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल गतिविधियों को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना जरूरी है, ताकि वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेल के क्षेत्र में प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।

उन्होंने ग्रामीण युवक मंडल द्वारा आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं स्थानीय युवाओं की प्रतिभा को सामने लाने और उसे निखारने का बेहतर माध्यम हैं।

बैंक शाखा खोलने के लिए मिला ज्ञापन

इस दौरान ग्राम पंचायत कोट के लोगों ने क्षेत्र में जोगिंद्रा बैंक की शाखा खोलने को लेकर चेयरमैन मुकेश शर्मा को ज्ञापन सौंपा। चेयरमैन ने कहा कि इस संबंध में जल्द ही सर्वे करवाया जाएगा।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष शिव कुमार ठाकुर, हेमंत ठाकुर, कोट पंचायत प्रधान दीपिका, उपप्रधान वीरेंद्र ठाकुर, ग्रामीण युवक मंडल अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर सहित मंडल की पूरी कार्यकारिणी मौजूद रही। इसके अलावा गौरव ठाकुर, मनोज, विजय ठाकुर, जोगिंदर शर्मा और भूमि दत्त शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और खेल प्रेमी भी उपस्थित रहे।

Share the news