गड़सा में जल निकाय स्वच्छता एवं संरक्षण अभियान, लोगों को किया जागरूक

08 अक्टूबर 2026 | खबर अभी-अभी | कुल्लू।

हिमाचल प्रदेश मत्स्य विभाग द्वारा प्रदेशभर में 20 सितंबर से 20 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे राज्यव्यापी जल निकाय स्वच्छता एवं संरक्षण अभियान के तहत जिला कुल्लू के गड़सा में विशेष जागरूकता एवं जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अभियान का उद्देश्य जल निकायों की स्वच्छता एवं संरक्षण तथा जल स्रोतों में प्रदूषण की रोकथाम के प्रति लोगों को जागरूक करना है। कार्यक्रम “मेरा जल निकाय, मेरी जिम्मेदारी” और “स्वच्छ जल निकाय–जलीय जीवन बचाएं” संदेश के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी कुल्लू राजिंदर पाल ठाकुर ने विभागीय कर्मचारियों के सहयोग से किया। इसमें पंचायत प्रतिनिधियों, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गड़सा की प्रधानाचार्या अनीता शर्मा, एनएसएस स्वयंसेवकों और स्थानीय लोगों ने सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम के दौरान गड़सा जलधारा के किनारे जमा कचरे, मलबे और अन्य अनावश्यक सामग्री की सफाई की गई। इस दौरान करीब 45 किलोग्राम कचरा एवं मलबा एकत्र किया गया।
प्रतिभागियों ने लोगों से जल स्रोतों को स्वच्छ रखने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ जल निकाय जलीय जीव-जंतुओं, जैव विविधता, मानव स्वास्थ्य और प्राकृतिक जल संसाधनों पर निर्भर समुदायों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी राजिंदर पाल ठाकुर ने पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, गैर-सरकारी संगठनों, महिला एवं युवक मंडलों तथा आम जनता से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण को निरंतर सामुदायिक जिम्मेदारी बनाया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि यह अभियान मत्स्य विभाग के निदेशक-सह-मछली पालन विभाग, ओम कांत ठाकुर के मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य जन-जागरूकता बढ़ाने, जल निकायों के प्रति सामुदायिक स्वामित्व की भावना विकसित करने और जलीय पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण को बढ़ावा देना है।
मत्स्य विभाग ने लोगों से ब्यास नदी सहित नदियों, नालों, खड्डों और अन्य जल निकायों को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखने में योगदान देने की अपील की है।

Share the news